खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित
भास्कर न्यूज. जैसलमेर
महिला महाविद्यालय में चल रहें सांस्कृतिक व खेल सप्ताह रुणझुण के अंतर्गत शनिवार को टेबल-टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रभारी सतेन्द्र सिंह मीणा ने विभिन्न टीमों का गठन कर मैच संपन्न करवाए। जिसमें प्रथम स्थान सूरज रतनू ने , वैशाली माहेश्वरी ने द्वितीय व श्रवण रतनू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य डॉ. पीके. जोशी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन का अहम हिस्सा है। इससे शरीर व मन दोनों स्वस्थ रहते है। इस दौरान संकाय सदस्य श्याम सुंदर परमार, डॉ. वीएन. पांडेय, अशोक आर्य और चंद्रवीरसिंह भाटी तथा अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे और छात्राओं को प्रोत्साहित किया।
क्रिकेट मैच आयोजित
एसबीके कॉलेज के छात्रसंघ के तत्वावधान में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में कला संकाय ए, बी, सी व विज्ञान संकाय के मध्य विभिन्न क्रिकेट मैच हुए। छात्रसंघ अध्यक्ष पुष्पेंद्रसिंह ने बताया कि कला संकाय सी व बी के मध्य हुए मैच में सी ने जीत हासिल की। दूसरा मैच कला संकाय सी व विज्ञान संकाय के मध्य हुआ जिसमें विज्ञान संकाय ने कला संकाय की टीम को हराया। फाइनल मुकाबला विज्ञान संकाय व कला संकाय के मध्य हुआ जिसमें विज्ञान संकाय ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में 81 रन बनाए। सचिन ने 12 रन बनाए। जयकरण ने 4 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कला संकाय की टीम 61 रन पर ऑल आउट हो गई।