‘भारत को शत प्रतिशत साक्षर बनाना है’
भास्कर न्यूज. जैसलमेर
रोटरी क्लब जैसलमेर स्वर्णनगरी तथा रोटरी क्लब जालोर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन समारोह शनिवार को सीएमडी. भारतीय महिला बैंक उषा अनन्तासुब्रमण्यन के मुख्य आतिथ्य तथा रोटरी अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रोटेरियन रॉन बर्टन के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित पीडीजी. मनोज देसाई डिस्ट्रिक्ट 3060 तथा पूर्व रोटरी अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रोटेरियन कल्याण बनर्जी के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ। स्वर्णनगरी के अध्यक्ष मयंक भाटिया ने बताया कि रोटरी क्लब जैसलमेर के इतिहास में पहली बार आयोजित इस ‘‘रोटरी महाकुंभ’’ जिसमें एक हजार देशी-विदेशी मेहमान एवं प्रतिनिधि शिरकत कर रहे है।
पीडीजी. मनोज देसाई ने कहा कि ‘‘अपने से पहले सेवा’’ की भावना लेकर मैत्री एवं सेवा के संगठन रोटरी में शामिल प्रत्येक रोटेरियन सही मायने में अग्निपथ पर चलता है। पूर्व रोटरी अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष रोटेरियन कल्याण बनर्जी ने कहा कि जब रोटरी क्लब भारत को पोलियो मुक्त घोषित करवा सकता है तो शत प्रतिशत भारत साक्षर क्यों नहीं बना सकता। रोटरी इंटरनेशनल ने भूकम्प ग्रस्त क्षेत्र कच्छ में 702 विद्यालय एवं बाढ़ ग्रस्त उतरांचल क्षेत्र में 175 विद्यालय संचालित किए है। समारोह के आरंभ में डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस के सभापति रोटेरियन पीएस.राजावत, सह सभापति रोटेरियन मोहन पाराशर, रोटरी क्लब जैसलमेर के अध्यक्ष मयंक भाटिया, रोटरी क्लब जालोर के अध्यक्ष रोटेरियन सी.पी.पुरोहित ने अतिथियों का माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
महिला बैंक के उद्देश्य बताए
मुख्य अतिथि उषा अनन्तासुब्रमण्यन ने भारत में प्रथम बार स्थापित भारतीय महिला बैंक के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य महिलाओं को शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना है। जब महिला सशक्तिकरण होगा तभी सही मायनों में भारत का सशक्तिकरण हो पाएगा। इस अवसर पर भारत को पोलियो मुक्त कराने के लिए पी.डी.जी. दीपक कपूर ((एन.पी.सी.सी.)) को भी सम्मानित किया गया। डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रैन्स में पीडीजी कमल सिंघवी, डॉ. पवन अग्रवाल, डी.जी. विनोद बंसल, डीजी. नितिन डाफ रिया, डीजी. राजीव मोदी, डीजी. सुरेश अग्रवाल, डीजी.एन शरत चन्द्र, पीडीजी. सशांक राठौड़ तथा पीडीजी. आशीष देसाई भाग ले रहे है।
जैसलमेर. रोटरी क्लब की डिस्ट्रिक्ट कांफ्रेस में हिस्सा लेते सदस्य।