कार्यकर्ता संगोष्ठी का आयोजन
जैसलमेर. योगगुरु स्वामी रामदेव के सानिध्य में जयपुर स्थित गांधी पथ पर राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचने के लिए जैसलमेर में कार्यरत पतंजलि योगपीठ के पांचों संगठन यथा- भारत स्वाभिमान, युवा भारत, पतंजलि योग समिति, महिला पतंजलि योग समिति एवं किसान पंचायत के प्रभारियों की संगोष्ठि स्थानीय सत्यदेव व्यास पार्क में आयोजित की गई। जिसके मुख्य प्रवक्ता जोधपुर के करणाराम, प्रांत प्रभारी पश्चिमी राजस्थान तथा भारत स्वाभिमान जिला अध्यक्ष पूनमसिंह नरावत थे। संगोष्ठी के दौरान 29 जनवरी को होने जा रहे जयपुर सम्मेलन में जिले से अधिकाधिक संख्या में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। प्रांत प्रभारी ने आगामी 23 मार्च को योग महोत्सव पर्व बनाने पर भी विशेष बल दिया। इस दिन पूरे देश में एक साथ पतंजलि योगपीठ के तत्वाधान में करीब 10 करोड़ व्यक्तियों को योग करवाकर गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज करा कर भारत का नाम योग के क्षेत्र में अग्रणी करने का प्रयास किया जाएगा। इसी संदर्भ में प्रत्येक जिले में समितियों का निर्माण करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान पतंजलि योग समिति के चूनीलाल माली, भारत स्वाभिमान एवं युवा भारत प्रभारी विवेक गोस्वामी, महिला पतंजलि योग समिति की जसोदा जसवानी, स्वदेशी प्रचारक राजेन्द्र सिंह समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ता सम्मिलित हुए।