युवक को मर्जी से करतब दिखाना पड़ा भारी
भास्कर न्यूज - पोकरण
गणतंत्र दिवस आयोजित कार्यक्रमों में दी गई स्वीकृति की पालना नहीं करना युवक को भारी पड़ गया। शहर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान गोमट निवासी रफीक पुत्र गनी खां को घुड़सवारी पर करतब दिखाने की स्वीकृति दी गई थी। लेकिन युवक द्वारा घुड़सवारी की जगह कार्यक्रम स्थल में बिना किसी स्वीकृति के मोटरसाइकिल लेकर करतब दिखाने लगा। कार्यक्रम के दौरान लोगों के बीच में बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खतरनाक करतब दिखाने को लेकर पुलिसकर्मियों द्वारा उसे रोका गया। जिस पर वह युवक मोटरसाइकिल पर भागता हुए पास ही खड़ी स्कोर्पियो गाड़ी में जा बैठा तथा मैदान में स्कॉर्पियो गाड़ी से करतब दिखाने लगा। पुलिसकर्मियों द्वारा गाड़ी में उसका पीछा करने पर युवक ने अंधाधुंध गाड़ी चलाते हुए शहर की ह्रदय स्थली गांधी चौक की तरफ भागा। तेज गति से गाड़ी ले जाते युवक ने अपनी दुकान की ओर जा रहे रामेश्वर दर्जी को अपने चपेट में ले लिया। जिसके कारण रामेश्वर दर्जी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां से चिकित्सकों ने घायल को जोधपुर रैफर कर दिया। पुलिस ने युवक रफीक को गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा युवक को धारा 151 के तहत शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। वहीं रामेश्वर दर्जी के भतीजे सुनील गोयल पुत्र मुरलीधर गोयल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि मेरे ताऊजी गांधी चौक में अपनी दुकान की तरफ जा रहे थे। तभी पीछे से आ रही स्कॉर्पियो आर.जे.15 यू ए 0084 का चालक रफीक खां तेज गति से आया और टक्कर मार दी। जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने धारा 279, 337 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को सोमवार को न्यायाधीश के समक्ष पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।