- Hindi News
- ‘स्वास्थ्य केन्द्रों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें’
‘स्वास्थ्य केन्द्रों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें’
भास्कर न्यूज - जैसलमेर
कलेक्टर एनएल मीना ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि वे जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में रंग रोगन का कार्य करवाकर पूरी स्वच्छता बनाएं एवं साथ ही चिकित्सालयों में शौचालयों के साथ ही सभी वार्डों में नियमित रूप से सफाई के लिए चिकित्सा अधिकारियों को पाबंद कर दें। उन्होंने प्रमुख चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री जवाहिर अस्पताल को भी निर्देश दिए कि वे जिला अस्पताल को एक दम साफ -सुथरा रखें एवं रंग रोगन भी करवा दें।
कलेक्टर मीना ने मंगलवार को जिले में पेयजल, बिजली एवं मौसमी बीमारियों के संबंध में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को स्वाइन फ्लू की प्राथमिक उपचारात्मक व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
टैंकरों से भेजे पीने का पानी
उन्होंने कार्यवाहक अधीक्षण अभियंता जलदाय मुकनेश व्यास को निर्देश दिए कि वे लखमणों की ढाणी, सियालों की बस्ती, बखतावर सिंह की ढाणी में टैंकर से पेयजल आपूर्ति कर लोगों को पीने का पानी उपलब्ध कराएं। उन्होंने बेरसियाला नलकूप को चालू करने के साथ ही खराब पड़े हैण्डपंपों की मरम्मत कर उसे चालू करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पेयजल आपूर्ति के प्रति सजग रहें एवं अभी से इस प्रकार की कार्य योजना तैयार करें कि उन्हें गर्मी के समय पानी आपूर्ति करने में समस्या न आए। उन्होंने सुल्ताना, अर्जुना को नहर से पेजयल आपूर्ति के लिए बीएडीपी में कार्य कराने के निर्देश दिए।
डायरेक्ट फीडर कार्य शीघ्र पूरा कराएं
कलेक्टर ने अधीक्षण अभियंता विद्युत जीआर. सिरवी को निर्देश दिए कि वे जलदाय विभाग के बकाया रहे दो डायरेक्ट फीडर के कार्य को भी तीव्र गति से कराएं। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जलदाय विभाग के गौरेरा-पिथला, रामपुरिया व लाठी के डायरेक्ट फीडर का कार्य पूर्ण कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि 24 घंटे घरेलू विद्युत आपूर्ति की जा रही है वहीं कृषि कार्य के लिए 7 घंटे बिजली दी जा रही है।