मनरेगा कार्मिक रहे सामूहिक अवकाश पर
भास्कर न्यूज - जैसलमेर
मनरेगा कार्मिकों ने नियमित किए जाने की मांग को लेकर एक बार फिर आंदोलन शुरू कर दिया है। आंदोलन की कड़ी में मंगलवार को प्रदेश भर में मनरेगा कार्मिक सामूहिक अवकाश पर रहे।
जिले में भी सभी पंचायत समितियों व जिला परिषद में कार्यरत मनरेगा के कार्मिक मंगलवार को अवकाश पर रहे जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से नरेगा कार्यों के लिए आए ग्रामीणों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा कई प्रशासनिक कार्य भी बाधित हुए। मंगलवार को मनरेगा कार्मिक संघ के जिलाध्यक्ष महिपालसिंह डांगरी के नेतृत्व में कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम का कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि जैसलमेर सहित समस्त राजस्थान में मनरेगा कार्मिक 2007 से संविदा पर कार्यरत है। सभी संविदा कार्मिकों का चयन साक्षात्कार द्वारा कार्यरत पद की निर्धारित योग्यता के नियमानुसार जिला परिषदों द्वारा किया गया। ये सभी कार्मिक अल्प मानदेय पर जिला स्तर, ब्लॉक स्तर एवं ग्राम पंचायत स्तर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि जिस पद पर कार्य कर रहे हैं उसी पद पर ही सीधे समायोजित कर एवं परिवीक्षाकाल समाप्त किया जाए। ज्ञापन में बताया गया कि यदि मांगों पर गौर नहीं किया गया तो संविदा कार्मिकों को आंदोलन तेज करना पड़ेगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी सरकार की होगी।
:जैसलमेर. स्थाई करने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन देते नरेगा कर्मी।