- Hindi News
- विद्यालय में तालाबंदी करने की दी चेतावनी
विद्यालय में तालाबंदी करने की दी चेतावनी
भास्कर न्यूज - पोकरण
रामदेवरा स्थित राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय में पिछले लम्बे समय से शिक्षक नहीं होने के कारण परेशान ग्रामीणों ने अधिकारियों को विद्यालय पर तालाबंदी करने की चेतावनी दी।
रामदेवरा के ग्रामीणों ने संभागीय संस्कृत शिक्षाधिकारी को ज्ञापन भेज बताया कि जिले के एक मात्र संस्कृत विभाग का वरिष्ठ उपाध्याय स्कूल में संस्कृत विभाग के व्याख्याता तक नहीं है। इसके अलावा हिंदी साहित्य, हिंदी अनिवार्य, अंग्रेजी विषय के भी व्याख्याताओं के पद रिक्त पड़े हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में रिक्त व्याख्याताओं के पद के संबंध में कई बार अधिकारियों को सूचित किया जा चुका है, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जिसके कारण ग्रामीणों के साथ साथ विद्यार्थियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि यही विद्यालय महाविद्यालय में क्रमोन्नत होकर पुन: वरिष्ठ उपाध्याय विद्यालय बना है और यही स्थिति रही तो प्रवेशिका बनने में देर नहीं लगेगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही विद्यालय में व्याख्याताओं के पदों को नहीं भरा गया तो ग्रामीणों को मजबूरन 31 जनवरी को विद्यालय की तालाबंदी करनी होगी।
जिसकी समस्त जिम्मेवारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में ग्रामीण रेवंतराम, लक्ष्मण पंवार, हरुराम वानर, भोमाराम, कूंभाराम, सुनील सहित कई ग्रामीणों के
हस्ताक्षर है।