पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी

निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज. जैसलमेर
कलेक्टर एनएल मीना की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना एवं इंदिरा आवास योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर मीना ने तीनों विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्ष 2011-12 तथा वर्ष 2012-13 के कार्यों के संबंध में पूर्णता प्रमाण पत्र 10 फरवरी तक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। उन्होंने विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि सांसद स्थानीय विकास योजना में वर्ष 2013-14 में जो कार्य स्वीकृत किए गए हैं उन्हें शीघ्र प्रारंभ करें।
कलेक्टर मीना ने मुख्यकार्यकारी अधिकारी बलदेव सिंह उज्ज्वल को निर्देश दिए कि वे इस योजना में स्वीकृत कार्यों को विकास अधिकारी समय पर प्रारंभ नहीं करते हैं तो उन्हें नोटिस जारी करें। उन्होंने हिदायत दी की समय पर पूर्ण कार्यों का पूर्णता प्रमाण पत्र पेश नहीं किया तो उसके लिए विकास अधिकारी जिम्मेदार होंगे। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.के. बारूपाल को निर्देश दिए कि वे फलसूण्ड में इस मद में खरीदी गई एंबुलेंस के संबंध में भी शीघ्र ही पूर्णता प्रमाण पत्र पेश करें।
बैठक में विकास अधिकारी सांकड़ा छोगा राम विश्नोई ने बताया कि एमपी लेड में वर्ष 2011-12 के 10 कार्यों का पूर्णता प्रमाण पत्र 5 फरवरी तक तथा वर्ष 2012-13 के 16 कार्यों का पूर्णता प्रमाण पत्र 10 फरवरी तक भिजवा दिया जाएगा।
कलेक्टर मीना ने इंदिरा आवास की प्रगति की चर्चा करते हुए तीनों विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्ष 2011-12 एवं 2012-13 में स्वीकृत इंदिरा आवासों में से जिन लोगों ने अभी तक आवास निर्माण का कार्य प्रारंभ नहीं करवाया है ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस में एफ.आई.आर दर्ज कराएं। उन्होंने विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्ष 2011-12 के आवास निर्माणों की द्वितीय किश्त की राशि 10 फरवरी तक अनिवार्य रूप से जारी करें अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन इंदिरा आवासों के उपयोगिता प्रमाण पत्र प्राप्त हो गए हैं उनको तीसरी किश्त भी शीघ्र ही जारी करें।कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आवासों के निर्माण को राज्य सरकार ने 60 दिवस की कार्य योजना में शामिल किया है इसलिए विकास अधिकारी इसे गंभीरता से लें एवं किसी भी सूरत में 31 मार्च तक आवासों का निर्माण कार्य पूरा कराएं। उन्होंने वर्ष 2012-13 में स्वीकृत इंदिरा आवासों की भी द्वितीय किश्त फरवरी माह तक अनिवार्य रूप से जारी करने के निर्देश विकास अधिकारियों को दिए। उन्होंने विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आवासों का भौतिक सत्यापन भी कराएं।
मुख्यकार्यकारी अधिकारी अधिकारी बलदेव सिंह उज्ज्वल ने बताया कि वर्ष 2011-12 के पंचायत समिति सांकड़ा में 74, सम के 28 तथा जैसलमेर के 7 आवासों की अभी तक द्वितीय किश्त जारी नहीं हुई है। उन्होंने विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विशेष रूचि दिखाकर ग्राम सेवकों को पाबंद करें कि इन्दिरा आवासों के निर्माण का कार्य करवाकर द्वितीय किश्त भी जारी कराएं। उन्होंने वर्ष 2012-13 में जिन आवासों के लिए द्वितीय किश्त जारी करानी है उसे शीघ्र जारी कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त मुख्यकार्यकारी अधिकारी शंकरलाल, विकास अधिकारी सम समिति रामनिवास बाबल, जैसलमेर गोपी किशन पालीवाल, सांकड़ा छोगा राम विश्नोई, अधीक्षण अभियंता विद्युत जी.आर सिरवी भी उपस्थित थे एवं उन्होंने एमपीलेड एवं इन्दिरा आवास की प्रगति के बारे में विस्तार से अवगत कराया।