- Hindi News
- ‘महिलाओं में नेतृत्व विकास की महती आवश्यकता’
‘महिलाओं में नेतृत्व विकास की महती आवश्यकता’
भास्कर न्यूज - जैसलमेर
पंचायत समिति जैसलमेर की प्रधान लक्ष्मी कंवर ने कहा कि पंचायती राज सशक्तीकरण में महिलाओं को और अधिक सशक्त होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब तक महिलाओं में शासन नेतृत्व का विकास पैदा नहीं होगा तब तक हम ग्रामीण विकास को मूर्त रूप नहीं दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं का आरक्षण 50 प्रतिशत लागू कर दिया है लेकिन अभी तक भी चुनी हुई जनप्रतिनिधि सही ढंग से नेतृत्व विकास नहीं कर पा रही है।
प्रधान लक्ष्मी कंवर ने बुधवार को पंचायत समिति सम के सभागार में आयोजित दो दिवसीय सरपंचों एवं ग्राम सेवकों की जेंडर संवेदी शासन के नेतृत्व विकास की कार्यशाला को संबोधित करते हुए यह उद्गार व्यक्त किए। कार्यशाला में विकास अधिकारी रामनिवास बाबल के साथ ही समिति क्षेत्र के सरपंच एवं ग्राम सेवक उपस्थित थे। प्रधान लक्ष्मी कंवर ने कहा कि हमें महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में आगे लाना है ताकि वे पुरुषों के बराबर काम को कर सकें। उन्होंने कहा कि जब तक महिलाएं आत्म निर्भर नहीं बनेगी तब तक समाज का विकास संभव नहीं है।