पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सर्वे से जानी जाएगी मतदान की उपयोगिता

सर्वे से जानी जाएगी मतदान की उपयोगिता

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज. - जैसलमेर
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक जैन ने राज्य के सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि मतदाताओं की निर्वाचन से जुड़ी समझ एवं धारणा को परखने के लिए एंडलाइन सर्वे का कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए। इस सर्वे से जो परिणाम प्राप्त होंगे उनका उपयोग आगामी लोकसभा चुनाव से पहले ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को जागरूक बनाने के लिए किया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले विधानसभा आम चुनाव-2013 से पहले भी इस प्रकार का सर्वे कराया था, जिसका लाभ मतदान का प्रतिशत बढ़ाने में मिला।
जैन सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उप जिला निर्वाचन अधिकारियों से एंडलाइन ((के.ए.बी.बी.पी)) सर्वे के संबंध में चर्चा कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार राज्य में वर्ष 2013 में सम्पन्न विधानसभा आम चुनावों को ध्यान में रखते हुए मतदाताओं के सामान्य ज्ञान, आचरण, व्यवहार एवं विभिन्न बिंदुओं पर एंडलाइन सर्वे आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय के माध्यम से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कार्य सभी जिलों में पूरी ईमानदारी से किए जाने के साथ संपूर्ण सूचनाएं मतदाताओं की भावनाओं के अनुरूप ही हों।
उन्होंने बताया कि इस सर्वे में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से कुल पोलिंग बूथों में से दस पोलिंग बूथों का चयन रेंडम सेंपलिंग के माध्यम से किया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक चयनित पोलिंग बूथ पर पंजीकृत सूची में से 10-10 मतदाताओं का चयन रेंडम सेंपलिंग के आधार पर किया जाएगा। राज्य की सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में से 20 हजार मतदाताओं का रेंडमली चयन किया जाएगा। उनसे निर्वाचन आयोग से प्राप्त प्रश्नावली में वर्णित बिन्दुओं की संपूर्ण सूचनाएं प्राप्त की जाएगी। प्रश्नावली भरने का कार्य प्रगणकों की ओर से किया जाएगा, जबकि इसके निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण का कार्य संबंधित सहायक या उप निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी एवं निदेशालय मुख्यालय में कार्यरत कार्मिकों के माध्यम से किया जाएगा।