सद्भावना कप क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज
भास्कर न्यूज - जैसलमेर
जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में बुधवार से सद्भावना कप क्रिकेट प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में आरसीए के उपाध्यक्ष विमल शर्मा, एनसीसीओआई के सचिव साबिर खां, एनसीसीओआई के कोषाध्यक्ष पीसी गुप्ता, सीसीओआई बिहार के अध्यक्ष ज्योति कुमार, नगर परिषद के सभापति अशोक तंवर, डीसीए उपाध्यक्ष प्रेमप्रकाश व्यास उपस्थित थे। साथ ही कंवराजसिंह चौहान एवं मनीष व्यास भी उपस्थित थे।
आरसीए उपाध्यक्ष शर्मा ने कहा कि खेलों से मानसिक व शारीरिक विकास के साथ ही टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाडिय़ों से पूरे मनोयोग से खेलने की बात कही। डीसीए के प्रवक्ता विनर शर्मा ने बताया कि इस सद्भावना कप प्रतियोगिता में नेपाल, भूटान, बिहार, यूपी, महाराष्ट्र व हरियाणा की बॉयज व गल्र्स टीमें हिस्सा ले रही है।
बुधवार को खेले गए उद्घाटन मैच में बीआर संस जैसलमेर ने नेपाल क्रिकेट क्लब को 8 रन से हराया। राजेश कुमार मैन ऑफ दी मैच रहे। दूसरा मैच में इंडिया ए ने इंडिया बी को 40 रन से हराया। इसी प्रकार यूपी ने बीआर संस बी को पांच विकेट से पराजित किया। उन्होंने बताया कि गुरुवार को गल्र्स टीमों के मैच खेले जाएंगे।
उद्घाटन समारोह में अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। साथ ही स्थानीय लोक कलाकारों ने लोक धुनें बिखेरी। इस दौरान बड़ी संख्या में दर्शक भी उपस्थित थे। आयोजन में ललित शर्मा, अमित शर्मा, मदनसिंह राजमथाई ने सहयोग दिया।