जैसलमेर के प्रतिष्ठानों की बनेगी कुंडली
जैसलमेर. जिले के सभी रजिस्टर्ड प्रतिष्ठानों की कुंडली होगी तैयार। मुख्यमंत्री की साठ दिवसीय कार्ययोजना के तहत जिले के समस्त प्रतिष्ठानों की एक सूची तैयार की जाएगी। जिसके पश्चात जिले में उद्योगों के भविष्य एवं बाजार शोध की संभाओं का अंकन किया जाएगा। ये सर्वे आगामी 1 फरवरी से शुरू हो रहा है। जिले के समस्त पंजीकृत प्रतिष्ठानों की सूचियां संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध करवाई गई है। फरवरी माह के अंत तक ये सर्वे पूर्ण कर लिया जाएगा। बिजनेस रजिस्टर के तहत राष्ट्रीय अर्थ व्यवस्था में सक्रिय उद्यम समूहों, उद्यमों तथा स्थानीय इकाइयों का लेखा जोखा तैयार किया जाएगा। कई ऐसी संस्थाएं होती है जो निर्मित होती है उसके पश्चात या तो उनका रूप बदल जाता है या फिर वे बंद हो जाती है। बिजनेस रजिस्टर में सभी संस्थाओं का भौतिक सत्यापन होगा जिससे कौन सी संस्थाएं कार्यरत है या कौनसी बंद हो गई है, इसकी भी जानकारी मिलेगी। इसके तहत कंपनी एक्ट 1956, फैक्ट्री एक्ट 1948, शॉप एंड कमर्शियल स्टेबलिशमेंट एक्ट, सोसायटी एक्ट, को-ऑपरेटिव सोसायटी एक्ट, खादी विलेज इंडस्ट्रीज बोर्ड, डिस्ट्रिक्ट इंडस्ट्रीज सेंटर में रजिस्टर्ड सभी प्रतिष्ठानों का सर्वे किया जाएगा।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बिजनेस रजिस्टर बनाने के कार्य को साठ दिवसीय योजना में शामिल किया था। इससे राज्य में उद्योगों के विकास सहित अन्य गतिविधियों में फायदा होगा। सर्वे से प्राप्त डाटा का विशलेषण होगा जिससे एकल एजेंसी प्रणाली स्थापित करने सहित बाजार में नए उद्योगों की संभावनाओं का विशलेष संभव होगा। इस कार्य का संपादन के लिए 98 प्रगणकों को नियुक्त किया है। 20 सुपरवाइजर भी लगाए गए है। जिनके द्वारा ये कार्य एक माह में संपादित किया जाना है। इसके लिए संबंधित चार्ज अधिकारियों को सात विभागों से रजिस्टर्ड प्रतिष्ठानों की सूची भी उपलब्ध करवाई जा चुकी है। जिसके आधार पर सर्वे कार्य किया जाना है।