इंटरसिटी के थर्ड एसी कोच से बेग चुराया
भास्कर न्यूज - जैसलमेर
दिल्ली से जैसलमेर की तरफ आ रही इंटरसिटी में गुरुवार को एक सैलानी का बेग चोरी हो गया। दिल्ली से आए मोहित शर्मा व प्रीति शर्मा ने बताया कि पोकरण स्टेशन पर ट्रेन के स्टॉपेज के दौरान एक युवक ने उनका बेग चुरा लिया। जिसमें सोने व डायमंड की ज्वैलरी सहित अन्य महंगी सामग्री थी। गौरतलब है कि चोरी ट्रेन के 3 एसी कोच में हुई है। प्रीति शर्मा ने बताया कि पोकरण में जब ट्रेन रुकी तब उनके पति मोहित शर्मा चाय लेने के लिए उतरे इस दौरान वह डिब्बे के गेट के पास खड़ी थी। तभी एक सांवले रंग का युवक शॉल पहने आया तथा उनका बेग उठा कर रेलवे स्टेशन के पीेछे की तरफ भाग गया। उन्होंने बताया कि बेग में करीब डेढ़ तोले का सोने का मंगल सूत्र, डायमंड रिंग, गोल्ड रिंग, ईयरिंग, क्रेडिट कार्ड, सेमसंग का नया केमरा तथा दोनों के वोटर आईडी कार्ड थे। इस संबंध में जैसलमेर पहुंचने पर रिपोर्ट पेश की गई है।