- Hindi News
- सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा के लिए चलाया जाएगा अभियान
सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा के लिए चलाया जाएगा अभियान
जैसलमेर. भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार व गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के अभियान को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है।
सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा को लेकर स्वर्णनगरी में भाजपा विशेष अभियान चलाकर धन संग्रहण के साथ ही लोहा एकत्र भी करेगी। अभियान को लेकर जिला स्तर पर गठित कमेटी की बैठक आगामी 1 फरवरी को भाजपा कार्यालय में आयोजित की जाएगी। अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए मीडिया प्रवक्ता योगेश गज्जा ने बताया कि स्टेच्यू ऑफ यूनिटी अभियान को लेकर भंवरसिंह साधना को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है और जल्द ही कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। प्रवक्ता गज्जा ने बताया कि नरेन्द्र मोदी द्वारा चलाए गए मिशन को लेकर सरहदी जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं और विशेषकर युवा वर्ग में विशेष उत्साह है। उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए 1 फरवरी को भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में जिला स्तर पर कार्यकारिणी का विस्तार भी किया जाएगा। बैठक में भाजपा जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों से विचार विमर्श कर भविष्य की रणनीति तय की जाएगी। अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए जिला प्रभारी भंवरसिंह साधना ने बताया कि स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के लिए शहर के प्रत्येक वार्ड के साथ ही गांव-गांव व ढाणी-ढाणी से धन संग्रहण किया जाएगा।