विकास में महिलाओं की सहभागिता अहम
भास्कर न्यूज - जैसलमेर
पंचायत समिति जैसलमेर के सरपंचों एवं ग्राम सचिव की संयुक्त जेंडर संवेदी शासन मुद्दों पर पंचायत समिति जैसलमेर स्तरीय रिफ्रे शर दो दिवसीय कार्यशाला संपन्न हुई। कार्यशाला के समापन के अवसर पर विकास अधिकारी गोपीकिशन पालीवाल ने उपस्थित संभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर विकास के हर क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं के विकास में पूर्ण सहभागिता और महिला सशक्तिकरण से ही गांवों का सर्वांगीण विकास संभव है। कार्यशाला को संबोधित करते हुए अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंकरलाल ने कहा कि हम पुरुषों को जेंडर के प्रति अपनी सोच को बदलना होगा और महिलाओं को विशेष रुप से महिला वर्ग में जन जागृति पैदा करने के साथ ही विकेन्दीकृत जिला योजना तैयार करने व विकास के लिए महिलाओं को अधिकाधिक लाभार्थी की सहभागिता भी सुनिश्चित करने की आवश्यकता प्रतिपादित की।
कार्यशाला के दौरान विकास अधिकारी पालीवाल ने ग्रामसेवकों और सरपंचों का आह्वान किया कि विकास के कार्यों में महिलाओं के उत्थान और विकास के लिए उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने ग्राम्य स्तर पर हर क्षेत्र के तहत महिला वर्ग को भागीदार बनाए जाने पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर प्रगति प्रसार अधिकारी देवेन्द्र कुमार ने जनप्रतिनिधियों व सरकारी कार्मिकों को जेंडर संवेदी समानता अपनाने के लिए निर्देश दिए और जेंडर समानता के लिए महिलाओं द्वारा उठाए गए मुद्दों को विशेष रुप से प्राथमिकता से लेने की कार्रवाई करने की आवश्यकता जताई।
जेंडर संवेदी कार्यशाला के अवसर पर संयोजक संदर्भ व्यक्ति बंटी राजपूत ने महिला सभा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सभाओं में महिलाओं की अधिकाधिक उपस्थिति सुनिश्चित करवाने एवं विकास कार्यों और रोजगार में सहभागिता पर जोर देने के लिए प्रेरित किया।सरोज थानवी ने महिलाओं को आह्वान करते हुए कहा कि आज सरकार द्वारा महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतरीन योजनाएं बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के विकास कार्यों में शत-प्रतिशत उन्हें सहभागिता प्रदान कर रही है इसलिए महिलाओं को पुरुषों के बराबर हर क्षेत्र में अच्छा कार्य करने को प्रेरित किया गया और साथ ही रोजगार से जुड़कर अपने परिवार को सहयोग करने की बात कही गई। इस अवसर पर अच्छी संख्या में महिला एवं पुरुष संभागी उपस्थित थे।