पाठ्य पुस्तकों का किया वितरण
भास्कर न्यूज - जैसलमेर
युवाओं को भारतीय सशस्त्र सेनाओं के प्रति आकर्षित करने के उद्देश्य से 97वीं बटालियन सीमा सुरक्षा बल द्वारा जैसलमेर के युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिसके तहत एक घंटे का शारीरिक प्रशिक्षण दिया जाता है। इसमें अभ्यर्थियों द्वारा बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया जा रहा है। प्रशिक्षण में हिस्सा ले रहे युवाओं को बटालियन द्वारा पोषित आहार भी दिया जा रहा है। साथ ही सामान्य ज्ञान, अंग्रेजी, तर्क शक्ति, गणित आदि विषयों पर भी जानकारी प्रदान की जा रही है। अभ्यर्थियों की लगन एवं रुचि को देखते हुए कमांडेंट अशोक कुमार एवं अन्य उपस्थित अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को लेखन सामग्री एवं पाठ्य पुस्तकें भी वितरित की गई ताकि भर्ती से पूर्व वे अपना ज्ञानवर्धन कर सके व प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल कर सके।
लेखन सामग्री एवं पाठ्य पुस्तकें वितरित करने के बाद कमांडेंट द्वारा आए हुए अभ्यर्थियों से वार्तालाप की गई, जिसमें कमाडेंट द्वारा अभ्यर्थियों से चल रहे शारीरिक एवं शैक्षिक प्रशिक्षण के बारे में पूछा गया।वार्तालाप के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा कमाडेंट से आग्रह किया कि एक बैच और भविष्य में चलना चाहिए ताकि हमें इस बारे में और अधिक ज्ञान प्राप्त हो सके। इस पर कमांडेंट ने बताया कि यदि आपके अन्य कोई साथी इस सुविधा का लाभ उठाना चाहते हैं तो वह बटालियन मुख्यालय में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।