प्लास्टिक कैरीबैग होगा प्रतिबंधित
भास्कर न्यूज - रामदेवरा
जिला कलेक्टर के निर्देश पर रामदेवरा में सफाई व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं तथा सौंदर्य के विकास के लिए गठित कमेटी की बैठक ग्राम पंचायत में पोकरण एसडीएम सी.एम.वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में एसडीएम ने बताया कि रामदेवरा में विभिन्न मार्गों पर सड़क निर्माण, रामसरोवर तालाब घाट निर्माण, पालरक्षण दीवार बनाने के कार्यों का प्रस्ताव संबंधित विभाग व राज्य सरकार को भिजवाया जा चुका है। सफाई व्यवस्था पर जानकारी देते हुए ग्रामसेवक ने बताया कि अतिरिक्त सफाईकर्मी लगाकर मुख्य बाजार, मेला चौक, पुरानी आबादी, रेलवे स्टेशन एरिया और पोकरण रोड के साथ भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों की व्यापक सफाई करवाई गई है। जिस पर उन्होंने संतोष जाहिर किया।
समाधि समिति को सौंपी जिम्मेदारी
बैठक में एसडीएम ने समाधि समिति के प्रतिनिधि कमल छंगाणी व ओम शर्मा को निर्देश दिए कि आगामी रामदेवरा मेले से पूर्व नोखा धर्मशाला चौराहे से आरसीपी कॉलोनी तक लोहे के टीन शैड बनाए जाने। साथ ही इन शैड में पीने का पानी व हवा तथा रोशनी की माकूल व्यवस्था करवाएं। उन्होंने समिति से रामदेवरा तालाब तथा आस-पास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ पूरे परिसर में राउंड द क्लॉक निगरानी के लिए तीन पारियों में चौकीदार नियुक्त करने के निर्देश दिए। रामसरोवर पाल पर निर्मित विशाल यात्री शैड में घुमावदार फाटक लगाने व रामसरोवर तालाब में स्थाई सफाई व्यवस्था के लिए ग्यारह माह का टेंडर करने की बात कही।
सुचारु होंगे सुलभ काम्पलेक्स
एसडीएम ने कस्बे में निर्मित चारों सुलभ कॉम्पलेक्स के साथ वर्तमान में भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर निर्मित सार्वजनिक शौचालयों को सुचारू करवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रामसरोवर तालाब की पाल पर वर्षों पूर्व अपूर्ण पड़े सिद्धी कलश के पुन:निर्माण के लिए नए सिरे से तकमीना बनाकर पर्यटन विभाग को भेजने के निर्देश दिए। नगरपालिका पोकरण के शिवदयाल दवे को रामदेवरा सड़क की ओर नगरपालिका सीमा तक रोड लाइट लगवाने व यात्री रेन बसेरा के पास 25-30 इकाई सार्वजनिक शौचालय बनाने के निर्देश दिए।
बंद होगा प्लास्टिक कैरीबैग व छोटी झंडियां
एसडीएम ने पंचायत को निर्देश दिए कि कस्बे में प्लास्टिक कैरीबैग व चाय के कप का उपयोग पूर्णतया प्रतिबंधित हो। उपयोग में पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई व जुर्माना वसूल किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि रंग बिरंगी झंडियों के बेचने पर प्रतिबंध रहेगा। इन झंडियों को कोई उपयोग नहीं होगा।
यह थे उपस्थित
बैठक में सरपंच भोमाराम, बीडीओ छोगा राम विश्नोई, एईएन कन्हैयालाल रैगर, एईएन सिंचाई विभाग ओमप्रकाश माली, जेईएन पीएचईडी बालूलाल बेरवा, जेईएन पीडब्ल्यूडी भंवरसिंह राजपुरोहित, एक्सईएन डिस्कॉम एच.एल.परिहार, रामदेवरा थानाधिकारी प्रेमदान रतनू, समाधि समिति के कमल छंगाणी व ओमप्रकाश, वार्डपंच रघुनाथसिंह, कमेटी सदस्य कानसिंह, ग्रामसेवक मोतीराम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।