पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपाली
सोजत थाना क्षेत्र के अटबड़ा गांव की महिला का अपहरण, लूटपाट व दुष्कर्म का मुख्य आरोपी सलाम खान निवासी गोटन व उसके साथी रामदीन बावरी निवासी हाजियावास की तलाश में बुधवार को दूसरे दिन भी पुलिस ने कई जगह दबिश दी, लेकिन वे हाथ नहीं लग पाए। इनके साथी उगमाराम बावरी व भगवानाराम बावरी को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मंगलवार सुबह ही भागते समय पाटवा गांव के पास पकड़ लिया था।
सोजत थाना प्रभारी भंवर रणधीरसिंह ने बताया कि वारदात के बाद कार व पीडि़त महिला को बंधक हालत में बरसाती नाले में छोड़ कर ग्रामीणों को आता देख चारों आरोपी भाग गए थे। सुबह कोहरा होने के कारण वे ग्रामीणों की पकड़ से दूर खेतों के रास्ते से भागते हुए पाटवा गांव की ओर चले गए। पुलिस दल ने पीछा किया तो इनमें से उगमाराम व भगवानाराम पुलिस को देख पाटवा गांव के पास नीम के पेड़ पर चढ़ गए थे। कांस्टेबल भभूताराम व श्रवण कुमार ने ग्रामीणों की मदद से पेड़ पर चढ़े दोनों अपराधियों को पकड़ लिया। तब तक काफी संख्या में अटबड़ा गांव के ग्रामीण भी वहां पहुंच गए। जो आरोपियों पर हमला करने वाले थे। इसको देखते हुए पुलिस दोनों को गाड़ी में डाल कर सोजत थाने लेकर पहुंची। फरार हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर दी गई है। लूटपाट करने वाले गिरोह का सरगना गोटन के खांगटा गांव का सलाम खान है, जिसके साथ हाजियावास-धुलकोट गांव का रामदीन भी मौके से फरार हो गया। दोनों की तलाश के लिए टीमें संभावित ठिकाने पर भेजी गई हैं।
दोनों आरोपी दो दिन
के रिमांड पर
मंगलवार सुबह अटबड़ा गांव से महिला का अपहरण करने के बाद बिलाड़ा की ओर जाते हुए आरोपियों की कार खराब हो गई थी। इस दौरान आरोपियों के मंसूबे भांप पीडि़त महिला ने गले में पहनी सोने की कंठी चलती कार से फेंक दी थी, जो बाद में मिल भी गई। वारदात के दौरान कार खराब होने पर आरोपियों ने मुंह में कपड़ा ठूंस कर महिला के दोनों हाथ बांध दिए और धक्का देकर कार को सड़क से उतार कर खेत में ले गए। जहां महिला के जेवरात लूट लिए और बाद में एक आरोपी ने उससे दुष्कर्म किया। ग्रामीणों का पीछा होता देख आरोपी पीडि़त महिला व कार को छोड़ मौके से भाग गए थे। भागते समय मुख्य आरोपी सलाम ने बिलाड़ा के निकट बोरुंदा निवासी अपने साथी अयूब खान व असलम खान को जीप लेकर उन्हें लेने के लिए बुला लिया। इन दोनों आरोपियों को पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान मंगलवार देर शाम को महेंद्रा जीप के साथ गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
- बदमाशों की मदद के लिए जीप लेकर आए बोरुंदा के दो युवक भी गिरफ्तार, मौके से पकड़े गए गोटन के दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा
- गोटन निवासी सलाम खान है गिरोह का सरगना, रायपुर के हाजियावास इलाके का रामदीन भी था साथ, दोनों की तलाश में बोरुंदा व नागौर जिले में कई जगह दबिश
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.