पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हिसाब को लेकर ग्रामीणों में लाठी भाटा जंग, 13 लोग घायल

हिसाब को लेकर ग्रामीणों में लाठी-भाटा जंग, 13 लोग घायल

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर के निकट चतराड़ा का ढाणी में गंवाई नाडी से मिट्टी खोदकर हाईवे पर डालने के बदले ठेकेदार ने दिए थे 1 लाख 71 हजार रुपए
भास्कर न्यूज - पाली
जोधपुर मार्ग पर रेलवे गुमटी के पास चतराड़ा का ढाणी में नाडी खुदाई के मिले रुपए के हिसाब की बात को लेकर दो पक्षों के बीच बुधवार सुबह हुई लाठी-भाटा जंग में 13 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से अधिकांश को देर शाम छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने गांव में पहुंच दोनों पक्षों को शांति बहाली के लिए पाबंद किया है। पुलिस ने मारपीट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार जोधपुर-पाली नेशनल हाईवे 65 को फोरलेन करने का काम चल रहा है। हाईवे पर मिट्टी डालने वाले ठेकेदार ने रेलवे गुमटी के पास चतराड़ा का ढाणी में गांव की नाडी से मिट्टी खुदाई की एवज में ग्रामीणों को 1 लाख 71 हजार रु की राशि ढाणी के विकास के लिए दी थी।
गुर्जर समाज के लोगों की इस ढाणी में यह राशि गांव के एक पक्ष के पास थी, जबकि दूसरा पक्ष इस राशि के बंटवारे व हिसाब की मांग कर रहा था। इस बात को लेकर ढाणी में धनराज गुर्जर व शिवलाल गुर्जर के बीच गुटबाजी हो गई, जिनमें मंगलवार शाम विवाद हुआ था। बुधवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों के लोगों ने लाठियां व पत्थर बरसाए। इस घटना में दोनों पक्षों के 13 लोग घायल हो गए। सूचना पाकर रोहट व पाली से पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के दोनों पक्षों को शांत कर शांति बनाए रखने के लिए पाबंद किया।
चार महिलाओं समेत दोनों पक्षों के लोग अस्पताल में भर्ती : मारपीट की इस घटना में एक पक्ष से कानाराम पुत्र देवाराम गुर्जर, नाथूराम पुत्र चंद्राराम, शारदा पत्नी शिवराम, गोपाल पुत्र राजूराम व शिवराम गुर्जर पुत्र मेवाराम घायल होकर अस्पताल में भर्ती हुए। इसी तरह दूसरे पक्ष की मतीया देवी पत्नी रतनलाल गुर्जर, छोटी देवी पत्नी जेठाराम, लाली पत्नी गौरीलाल, मदनलाल पुत्र रोडाराम, कानाराम पुत्र विरमराम, कालूराम पुत्र मेवाराम, हरिराम पुत्र गणेशराम तथा गोपाल पुत्र गौरीलाल गुर्जर को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से अधिकांश घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।