पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • चित्रकला प्रतियोगिता के साथ सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन

चित्रकला प्रतियोगिता के साथ सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - पाली
सेंटपॉल स्कूल में बुधवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत पुलिस प्रशासन की ओर से चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 18 समूह एवं 58 विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों ने पोस्टर पर कई प्रेरक दृश्य चित्रित कर हेलमेट पहनने, संकेतकों का सही प्रयोग करने, जेबरा क्रॉसिंग तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने सहित कई संदेश दिए।
स्कूल के प्रवक्ता किशोर तिवारी ने बताया कि कुछ विद्यार्थियों ने ‘यही है जीवन की शिक्षा-दीक्षा हम सड़क की करें सुरक्षा’, ‘स्पीड का मजा मौत की सजा’, ‘जीवन बहुमूल्य है इसे व्यर्थ सड़क हादसे में न गंवाए’, ‘समझदार नागरिक की पहचान लाइसेंस हमेशा रखे साथ’ सहित कई स्लोगन लिखकर सड़क की सुरक्षा के नियमों का पालन करने का आव्हान किया। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर विशाल अग्रवाल, नारायण, यश बलाई, प्रद्युम्न व्यास, तनिष्क, द्वितीय स्थान पर सौरभ बालवंशी एवं तृतीय स्थान पर आयुषी जैन, अंकिता पाल, धेर्या लोढ़ा, सुरभि जैन रहे।
विजेताओं को एएसपी पीडी धानिया, सीआई बुधाराम विश्नोई एवं प्राचार्य फादर जोस मथायस ने सम्मानित किया। इसमें निर्णायक की भूमिका राकेश माथुर, सिस्टर मोनिका, यामिनी सैन, सिस्टर जुली एवं शिबू थॉमस ने निभाई।



निबंध प्रतियोगिता में प्रवीण चंपावत प्रथम

सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत भारतीय विद्या मंदिर शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में सावधानी हटी, दुर्घटना घटी विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महाविद्यालय संयोजक अश्विनी सोनी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रवीण चंपावत ने प्रथम, कुसुमलता मेवाड़ा ने द्वितीय व हीना टेलर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा 10-10 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर एएसपी धानिया, निरीक्षक बुद्धाराम, एवं एएसआई व यातायात प्रभारी मुकेश कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।