पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • महिला के अपहरण व लूटपाट के बाद दुष्कर्म का मामला

महिला के अपहरण व लूटपाट के बाद दुष्कर्म का मामला

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - पाली
सोजत थाना क्षेत्र के अटबड़ा गांव की महिला का अपहरण, लूटपाट व दुष्कर्म करने वाले बदमाशों ने एक तरह से संगठित गिरोह बना रखा था। ये लोग अकसर मौका पाकर सुबह उस समय वारदात को अंजाम देते हैं। जब सर्दी के कारण कोहरा हो और बहुत कम लोगों की आवाजाही रहती है। इसका फायदा उठा कर बदमाशों ने बिलाड़ा के बाला सती गांव, जिले के कालू गांव और बाद में अटबड़ा गांव में अकेली देख महिला को निशाना बनाया। गिरोह ने अब तक कितनी वारदात की है, जिसका खुलासा तो फरार आरोप सलाम खान निवासी गोटन व रामदीन बावरी निवासी हाजियावास के पकड़ में आने के बाद होगा।
  प्रकरण में सोजत पुलिस ने अब तक चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें अटबड़ा गांव की महिला से वारदात करने वाला उगमाराम बावरी((25)) व भगवानराम बावरी ((50)) निवासी गोटन भी शामिल है, जबकि मौके से फरार हुए सलाम खान व रामदीन की तलाश की जा रही है। इन चारों बदमाशों ने अटबड़ा से महिला का अपहरण कर उससे लूटपाट व दुष्कर्म किया। इनकी मदद करने वाले बोरुंदा निवासी अयूब खान व असलम खान को भी पुलिस ने जीप समेत गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इनके एक और साथी को बोरुंदा पुलिस ने पूछताछ के लिए पकड़ रखा है। इससे पुलिस यह मान कर चल रही है कि बदमाशों ने अपहरण व लूटपाट के लिए संगठित गिरोह बना रखा था, जिनमें कई और लोग भी शामिल हो सकते है।



बोरुंदा है गिरोह का केंद्र

सोजत पुलिस ने अटबड़ा गांव की महिला से हुई वारदात को लेकर अब तक जिन चार लोगों को पकड़ा है, उनमें से उगमाराम व भगवानराम नागौर के गोटन इलाके के रहने वाले है, जबकि उनकी मदद करने वाले दोनों युवक बोरुंदा गांव के निवासी है। फरार गिरोह का सरगना सलाम खान गोटन तथा रामदीन बावरी रायपुर के हाजियावास का रहने वाले है। मगर ये सभी चारों बदमाश काफी समय से बोरुंदा इलाके में ही रहते थे। बोरुंदा में आरोपी अयूब व असलम के साथ कुछ अन्य लोग इस गिरोह के संपर्क में थे। कुछ दिन पहले बिलाड़ा के बाला सती तथा जैतारण के कालू गांव में भी इसी स्टाइल में महिलाओं से लूटपाट की गई। अब तक की छानबीन में पुलिस को पता लगा है कि अलग-अलग जगह पर रहने वाले इन बदमाशों का प्रमुख केंद्र बोरुंदा ही था। उल्लेखनीय है कि मंगलवार सुबह अटबड़ा गांव से महिला का अपहरण करने के बाद बिलाड़ा की ओर जाते हुए आरोपियों की कार खराब हो गई थी। इस दौरान चारों आरोपियों ने महिला के जेवर लूटे, जबकि एक आरोपी ने दुष्कर्म किया। बाद में ये सभी आरोपी मौके से भाग गए, जिनमें से उगमाराम बावरी व भगवानराम को सोजत पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। इनकी मदद करने पहुंचे अयूब खान व असलम खान भी उसी दिन पुलिस के हाथ लग गए।

महिलाओं का अपहरण कर लूटपाट करने वाले बदमाशों ने संगठित गिरोह बना रखा था, जिन्होंने नागौर, जोधपुर व पाली में की थी वारदात

गिरोह का सरगना सलाम व उसका साथी रामदीन नहीं लगे हाथ, गिरोह के चार आरोपी अब तक हुए गिरफ्तार, एक और संदिग्ध साथी से बोरुंदा पुलिस कर रही पूछताछ