- Hindi News
- माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षा के लिए लगेंगी अतिरिक्त कक्षाएं
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षा के लिए लगेंगी अतिरिक्त कक्षाएं
स्कूलों में रिक्त पदों पर लगाए जाएंगे विषय अध्यापक, छह मार्च से शुरू होगी बोर्ड की परीक्षाएं
भास्कर न्यूज. पाली
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं से पहले 10 वीं और 12 वीं कक्षा के कमजोर बालकों के लिए प्रतिदिन अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएंगी। स्कूलों में रिक्त पदों पर विषय अध्यापक लगाए जाएंगे। बोर्ड की परीक्षाएं छह मार्च से शुरू हो रही है।
शिक्षा विभाग के प्रमुख शासन सचिव खेमराज ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा को देखते हुए शिक्षाधिकारियों को पूर्व तैयारी के निर्देश दिए हैं। उसके बाद माध्यमिक शिक्षा निदेशक विकास भाले ने सभी उप निदेशक और जिला शिक्षा अधिकारियों को लिखित में आदेश जारी कर दिए। भाले ने बताया कि स्कूलों में शिक्षकों के पद रिक्त होने के कारण शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। बोर्ड परीक्षा को देखते हुए जिला कलेक्टर के माध्यम से चार मार्च तक ऐसे स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था की जाएगी। स्कूलों में 10 वीं और 12 वीं कक्षा के कमजोर बालकों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएंगी। 10 वीं कक्षा में विज्ञान, गणित और अंग्रेजी तथा 12 वीं में अंग्रेजी के अलावा अन्य कठिन वैकल्पिक विषयों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं चार मार्च तक लगेंगी। इस दौरान प्रतिदिन बालकों के क्लास टेस्ट भी लिए जाएंगे। शिक्षा निदेशक ने बताया कि बोर्ड परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने के सभी प्रयास किए जाएंगे। वीसी के दौरान प्रमुख सचिव ने क्वालिटी एजुकेशन पर जोर दिया है। इसके अलावा वीसी में सरकार की 60 दिनी कार्य योजना, निरीक्षण अभियान सहित अन्य विभिन्न मसलों पर चर्चा हुई।