- Hindi News
- डोडा पोस्त से भरी जीप पकड़ी, एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
डोडा पोस्त से भरी जीप पकड़ी, एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
भास्कर न्यूज - पाली/रास
पुलिस ने शुक्रवार को रास थाना क्षेत्र में 240 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त से भरी हुई जीप को पकड़कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया। आरोपियों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए जीप के आगे ऑन गर्वमेंट ड्यूटी लिखवा रखा था। पहले पुलिस की नाकाबंदी को धत्ता बताया। इसके बाद जीप से टक्कर मारकर पुलिस का बैरियर भी तोड़कर जीप को एक स्थान पर खड़ा कर आरोपियों ने फरार होने का प्रयास किया, मगर पुलिस ने करीब दो किमी तक पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया। दूसरे की तलाश की जा रही है। एसपी जयनारायण शेर के निर्देश पर रास थाना पुलिस शुक्रवार दोपहर को रास थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर रही थी। इस दौरान थाना प्रभारी ईश्वरचंद पारीक को सूचना मिली कि दो युवक ब्यावर की तरफ से अपनी बोलेरो जीप में अवैध रूप से डोडा-पोस्त भरकर जोधपुर की तरफ जा रहे हैं। जीप पर ऑन गवर्नमेंट ड्यूटी भी लिखा हुआ है। पुलिस ने ऐसी जीप को देखकर चालक को रूकने का इशारा किया तो चालक ने जीप की स्पीड को धीमा करने के बहाने नाकाबंदी तोड़कर तेज गति से लांबिया गांव की तरफ भगाकर ले गया। इसके बाद आरोपियों ने इसी मार्ग पर लगे हुए एक स्थान पर पुलिस की नाकाबंदी के बैरियर को भी तोड़ दिया। पुलिस के लगातार पीछा करने पर आरोपियों ने जीप को राबडिय़ावास जाने वाले मार्ग पर छोड़कर फरार हो गए। थाना प्रभारी पारीक ने बताया कि आरोपियों को भागते देखकर कांस्टेबल सुरज्ञान ने करीब दो किमी तक पीछा किया तथा एक जने को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान प्रकाश उर्फ चंद्रप्रकाश पुत्र मनोहरलाल विश्नोई निवासी चनाणियों की ढाणी लाखेटा थाना मतोड़ा ((जोधपुर)) के रूप में हुई है। उससे की गई पूछताछ में फरार आरोपी का नाम पी.सी उर्फ पूनमचंद विश्नोई लोहावट निवासी बताया गया। पुलिस ने जीप को जब्त कर 10 कट्टों में भरे हुए 240 किलोग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया है।
जीप में मिली अलग-अलग
नंबरों की प्लेट
एसपी शेर ने बताया कि डोडा-पोस्त की तस्करी में प्रयुक्त की जा रही जीप के आगे नंबर प्लेट पर आरोपियों ने ऑन गर्वमेंट ड्यूटी लिखवाने के साथ ही जीप पर दो अलग-अलग लगी हुई नंबर प्लेट भी मिली है। जीप के आगे आरजे.06 टीए 4234 लगी हुई थी। वहीं जीप के पीछे उक्त नंबर प्लेट के साथ ही उसके पीछे लगी हुई एम.पी 44 टीए 5865 लगी हुई भी मिली है। इससे पुलिस का मानना है कि पुलिस से पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने एमपी में डोडा-पोस्त खरीदने के लिए मध्यप्रदेश की नंबर प्लेट का उपयोग किया होगा। आरोपी से की गई प्रांरभिक पूछताछ में यह भी पता चला है कि यह डोडा-पोस्ट बुडा नीमच ((मध्यप्रदेश)) के किसी बल्लू नाम के व्यक्ति ने जीप में भरवाया था। वहां से भरकर यह मादक पदार्थ जोधपुर जिले के भेड़भाखरी गांव में ही सप्लाई करना था।
ठ्ठ आरोपी का मामा जेल में बैठकर दे रहा था डोडा तस्करी को अंजाम
ठ्ठ मध्यप्रदेश से डोडा-पोस्त लाकर जोधपुर में करना था सप्लाई
ठ्ठ जीप पर ऑन गवर्नमेंट ड्यूटी लिखवाकर की जा रही थी मादक पदार्थों की तस्करी
जेल से ही चला रहा डोडा-पोस्त तस्करी का नेटवर्क
जोधपुर के सेंट्रल जेल में डोडा-पोस्त की तस्करी में बंद आरोपी भेड़भाखरी ((जोधपुर)) निवासी हनुमान विश्नोई वहां बैठकर भी डोडा-पोस्त की तस्करी के अवैध कारोबार को अपने सहयोगियों के जरिए अंजाम दे रहा है। हनुमान विश्नोई रास थाने में पकड़े गए आरोपी प्रकाश विश्नोई के रिश्ते में मामला लगता है। उसने हनुमान से मोबाइल पर हुई बातचीत के बाद ही वह मध्यप्रदेश में उक्त ठिकाने पर पहुंचा,जहां से उसको डोडा-पोस्त भरना था। इसके बाद उससे हनुमान विश्नोई लगातार मोबाइल पर बात कर सप्लाई करने के ठिकाने के बारे में भी जानकारी दे रहा था।