पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हर घर तक सुलभ न्याय पहुंचाना हमारा लक्ष्य : चीफ जस्टिस

हर घर तक सुलभ न्याय पहुंचाना हमारा लक्ष्य : चीफ जस्टिस

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज.पाली
चीफ जस्टिस अमिताभ रॉय ने कहा कि हम लोगों का लक्ष्य है हर घर तक सुलभ न्याय पहुंचे। इसके लिए सभी ज्युडिश्यरी अधिकारियों व अधिवक्ताओं को संगठित रूप से रहकर कार्य करना होगा। हमारे लिए सामाजिक न्याय महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह हमारे समाज के हर वर्ग को छूता है। आप लोग समाज के नेता, संस्कारक होने के साथ ही पथ निर्देशक भी हैं। वे शनिवार को जिला व सेशन कोर्ट में चैम्बर, अंडरग्राउंड पर्किंग और कैंटीन के शिलान्यास कार्यक्रम में अधिवक्ताओं व अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
समारोह में उन्होंने कहा कि अभिभाषक हमारी न्यायिक व्यवस्था के ऐसे स्तंभ हैं जिसके बिना इसकी मर्यादा को बरकरार रखना संभव नहीं है। रॉय ने कहा कि यदि प्रोफेशन में कोई भी मतभेद हो या फिर किसी भी बिंदु पर आप अटक गए हो तो आप अपनी समस्याओं को हम तक यानि हाईकोर्ट या अपने न्यायिक अधिकारियों तक पहुंचाएं। यदि वह समस्या मेरे पास भी आती है तो हर संभव तरीके से समाधान होगा। कथनी और करनी में अंतर नहीं होना चाहिए। इससे पूर्व चीफ जस्टिस अमिताभ रॉय, निरीक्षण न्यायाधिपति एमएन भंडारी, बार काउंसलिंग राजस्थान के चेयरमैन मनोज कुमार गर्ग, जिला व सेशन जज विनय कुमार गोस्वामी, पाली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हिम्मत सिंह राजपुरोहित और सचिव योगेंद्र ओझा की ओर से अंडरग्राउंड पार्किंग, चैम्बर और कैंटीन के शिलान्यास के लिए भूमि पूजन किया गया। मंत्रोच्चार के साथ हुए भूमि पूजन के बाद अधिकारियों की ओर से जल्द ही कार्य को पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए गए। इसके बाद सभी अतिथियों द्वारा सरस्वती मां की प्रतिमा के आगे दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस दौरान लोक कलाकार गवरी देवी और उनके साथियों की ओर से केसरिया बालम लोक गीत अतिथियों के सत्कार के लिए प्रस्तुत किया गया।

संबोधन कार्यक्रम से पूर्व जिला व सेशन जज विनय कुमार गोस्वामी की ओर से स्वागत उद्बोधन के साथ ही इन सुविधाओं को अधिवक्ताओं के लिए बेहतर बताया। कार्यक्रम के दौरान पाली बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी को सीजेआर अमिताभ रॉय ने शपथ दिलाई। इसके बाद एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। वहीं एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सीनियर अधिवक्ताओं की ओर से सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर, साफा पहनाकर और स्मृति चिह भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों के अतिरिक्त पूर्व सांसद पुष्प जैन, कलेक्टर अम्बरीष कुमार, एसपी जयनारायण शेर सहित एसोसिएशन के कई पदाधिकारी मौजूद थे।
गवरी देवी के लोक गीत से अभिभूत हुए रॉय
कार्यक्रम की शुरूआत में अतिथियों के सत्कार के आकाशवाणी कलाकार गवरी देवी ने जब केसरिया बालम लोकगीत प्रस्तुत किया तो सीजेआर अमिताभ रॉय उनकी प्रस्तुति से अभिभूत हुए। अपने शुरुआती संबोधन में रॉय ने गवरी देवी की प्रशंसा करते हुए कहा कि कुछ क्षणों के लिए मैं भावुक तक हो गया था। उन्होंने कलाकार के सामने हाथ जोड़ते हुए कहा कि अब तो घणो प्यारो लागे म्हारो देश। इसके बाद शिलान्यास कार्यक्रम के बारे में अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस नींव के पत्थर को पत्थर न समझ कर इसे अपनी भावनाओं से जोड़े। यह व्यवस्थाएं न्यायिक व्यवस्थाओं से जुड़ी सुविधाएं है। इस सारी व्यवस्थाओं का श्रेय ज्युडिश्यरी अधिकारी, अधिवक्ता और अधिकारियों के साथ पाली के आमजन को भी जाता है। इस दौरान रॉय ने हिंदी में कठिन शब्दों के बजाय सरल शब्दों का उपयोग करने के लिए अधिवक्ताओं को प्रेरित किया।
सुमेरपुर और सोजत में जल्द खुलेंगे कोर्ट
कार्यक्रम में शिरकत करने आए निरीक्षण न्यायाधिपति एमएन भंडारी ने कहा कि आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए और हर द्वार पर सभी को न्याय मिले इसके लिए जल्द ही सुमेरपुर और सोजत में नई जमीन लेकर कोर्ट खोले जाएंगे। उन्होंने पाली बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों की तारीफ करते हुए कहा कि सभी की एकजुटता की वजह से यह सारी सुविधाएं आगामी दिनों में सभी को उपलब्ध होगी। भंडारी ने बताया कि जयपुर के बाद पाली कोर्ट ऐसा है जहां पर अंडरग्राउंड पार्किंग की व्यवस्था मुहैया कराई जाएगी।
आरजेएस और आरएजेएस की भी होगी नियुक्ति
बार काउंसलिंग ऑफ राजस्थान के चेयरमैन मनोज कुमार गर्ग ने बताया कि आगामी दिनों में जल्द ही आरजेएस और आरएजेएस के लिए वैकेंसी निकाली जाएगी। इससे युवा अधिवक्ताओं को काफी फायदा होगा। इसके साथ ही युवा अधिवक्ता जो प्रेक्टिस कर रहे हैं उनके लिए स्टाइपेंड और पुराने अधिवक्ताओं के लिए पेंशन योजना भी जल्द शुरू होगी। गर्ग ने बार पदाधिकारियों को इस दौरान निर्देशित किया की बार को मिले 4 लाख फंड का उपयोग कर कोर्ट में लाइब्रेरी और कंप्यूटर सुविधाओं का विस्तार करें। इसके साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि बार की हर समस्या का समाधान किया जाएगा।
फौजदारी मामलों के निष्पादन में दूसरे नंबर पर
कार्यक्रम के दौरान सीजेआर रॉय ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछली लोकअदालत में सात दिनों के भीतर करीब 2.50 लाख मुकदमों का निष्पादन किया गया। इसके साथ ही फौजदारी मामलों के निस्तारण में राज्य देश में दूसरे नंबर पर है। इसके साथ ही निरीक्षण न्यायाधिपति भंडारी ने भी बताया कि पिछली लोक अदालत में पाली की ओर से 10 प्रतिशत केस का निस्तारण किया गया।
कोर्ट परिसर में किया पौधारोपण
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कोर्ट परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में शिरकत करने आए न्यायिक अधिकारियों ने वन विभाग के डीसीएफ ओपी शर्मा व एसीएफ सुदीप कौर के साथ मिलकर पौधारोपण किया। इसके बाद अधिकारियों ने इन पौधों की देखरेख करने के लिए भी कर्मचारियों को निर्देशित किया।