पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कलेक्टर सुबह 9 बजे करेंगे ध्वजारोहण

कलेक्टर सुबह 9 बजे करेंगे ध्वजारोहण

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज. पाली
गणतंत्र दिवस रविवार को जिलेभर में हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। इस दौरान जिलेभर में तिरंगा फहराकर गणतंत्र की मजबूती का संकल्प दोहराया जाएगा। जिला व उपखंड मुख्यालय पर आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह बांगड़ स्टेडियम में रविवार सुबह 9 बजे शुरू होगा। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अम्बरीष कुमार बांगड़ स्टेडियम में तिरंगा फहरा कर कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।
  जिला प्रशासन की ओर से गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में बांगड़ स्टेडियम में आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए हैं। बांगड़ स्टेडियम में सुरक्षा के अपूर्व इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम के मुख्य द्वार से वीआईपी पास धारकों की भी मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही एंट्री कराई जाएगी। प्रवेश के अन्य द्वार पर इसी तरह की जांच के बाद एंट्री दी जाएगी।
  बांगड़ स्टेडियम में होने वाले मुख्य समारोह में जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र देकर जिलास्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन किया जाएगा, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इस दौरान आकर्षक झांकियां भी निकलेगी।

समारोह स्थल के आसपास पुलिस के साथ आरएसी व होमगार्ड का जाप्ता तैनात किया गया है। ऐहतियात के तौर पर आपातकालीन सेवा के भी स्टेडियम पर इंतजाम किए गए है। स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शनिवार को एएसपी पीडी धानिया ने भी जायजा लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। स्टेडियम में अन्य गेट से भी जांच के बाद ही प्रवेश कराया जाएगा। एसपी जयनारायण शेर ने बताया कि समारोह स्थल की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एएसपी धानिया को प्रभारी बनाया गया है। सीओ सिटी भगवानसिंह चंपावत, सीओ ग्रामीण गणेशनाथ सिद्ध के साथ कोतवाली, औद्योगिक व सदर थाना प्रभारी समेत पांच इंस्पेक्टर को भी निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। शहर के चारों थानों के स्टाफ के अलावा पुलिस लाइन से भी जाप्ता लगाया गया है।