- Hindi News
- हाईवे पर बोलेरो ट्रक की भिड़ंत में तीन की मौत, दो लोग घायल
हाईवे पर बोलेरो-ट्रक की भिड़ंत में तीन की मौत, दो लोग घायल
रोहट के निकट अरटिया मोड़ पर तड़के चार बजे हुआ हादसा, मृतकों में बाड़मेर, सीकर व जोधपुर का युवक भी
पाली. नेशनल हाईवे 65 पर रोहट के निकट अरटिया मोड़ पर शनिवार तड़के चार बजे ट्रक व बोलेरो की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जोधपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में बाड़मेर, सीकर व जोधपुर का युवक शामिल है। ये सभी लोग बोलेरो में घटना के समय पाली से जोधपुर की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद काफी देर तक यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारू कराया।
पुलिस के अनुसार बोलेरो में सवार होकर पांच युवक पाली से रवाना होकर शनिवार तड़के करीब चार बजे जोधपुर की ओर जा रहे थे। एनएच 65 पर अरटिया मोड़ पर सामने से आ रही ट्रक ने बोलेरो को टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो में सभी पांचों युवक फंस गए। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंच ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाल वाहनों में जोधपुर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने बाड़मेर के कपूरड़ी निवासी रुपाराम जाट पुत्र चिमनाराम, सीकर के गोवरी निवासी सरदारराम पुत्र दुर्गाराम जाट तथा हुकमसिंह पुत्र भैरुसिंह राजपूत निवासी पालड़ी राणावतान, जोधपुर मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल छोटूराम कुमावत निवासी गुड़ा साल्ट, नागौर तथा नगाराम जाट निवासी कपूरड़ी, बाड़मेर के जोधपुर में उपचार चल रहा है। हादसे के कारण हाईवे पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को एक तरफ रखवाकर यातायात सुचारू कराया। दोपहर को पुलिस ने पोस्टमार्टम करा तीनों शव उनके परिजनों को सौंप दिए।