- Hindi News
- शिक्षक की जांची हुई कॉपी फिर जंचेगी, संदर्भ व्यक्ति निकालेंगे त्रुटियां
शिक्षक की जांची हुई कॉपी फिर जंचेगी, संदर्भ व्यक्ति निकालेंगे त्रुटियां
भास्कर न्यूज - पाली
राज्य सरकार ने सरकारी स्कूलों में गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने तथा विद्यार्थियों में बौद्धिक ज्ञान का विकास करने के उद्देश्य से अब शिक्षकों की जांची हुई कॉपी की पुन: जांच कराने का निर्णय लिया है। हाल ही में जारी किए गए आदेश के अनुसार अब प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में शिक्षको की जांची हुई कॉपी संदर्भ व्यक्ति ((आरपी)) फिर से जांचेंगे और उसमें गलती होने पर गोले लगाएंगे। यही नहीं, शिक्षक की गलती की रिपोर्ट बीईईओ को देंगे। बीईईओ इसकी समेकित रिपोर्ट बनाकर सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय को भेजेंगे। इस रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार राज्य सरकार की तरफ से चालू शिक्षण सत्र के दौरान संबलन अभियान के तहत अधिकारियों को स्कूल में जाकर वहां की शिक्षण व्यवस्था के बारे में जानकारी लेने तथा बच्चों से सवाल-जवाब करने के आदेश दिए थे। अभियान के तहत अब तक चार चरण पूरे हो चुके हैं। इसकी रिपोर्ट में स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था काफी निम्न स्तर की पाई गई है। इसको देखते हुए सरकार ने अब शिक्षकों पर भी संदर्भ व्यक्ति का पहरा बिठाने का निर्णय लिया है, जिसमें बच्चों की कॉपी जांचने वाले शिक्षक की कॉपी की पुन: जांच कराई जाएगी। नए आदेश के तहत पंचायत समितियों में कार्यरत ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की ओर से लॉटरी के माध्यम से एक नोडल के दो विद्यालय आरपी को आवंटित किए जाएंगे। सर्व शिक्षा अभियान के सहायक परियोजना समन्वयक का कहना है कि जिन शिक्षकों और आरपी के विरुद्ध कार्रवाई की जानी है, उनकी सूचना हर शुक्रवार जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में दी जाएगी।