- Hindi News
- गणतंत्र दिवस पर उम्मेद मिल के श्रमिकों को रोकने का प्रयास, पुलिस पहुंची
गणतंत्र दिवस पर उम्मेद मिल के श्रमिकों को रोकने का प्रयास, पुलिस पहुंची
भास्कर न्यूज - पाली
उम्मेद मिल में गणतंत्र दिवस पर काम पर पहुंचे श्रमिकों को एक श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों की ओर से रोकने का प्रयास किया, इससे क्षेत्र का माहौल गरमा गया। मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने समझाइश कर मामला शांत कराया। इस बारे में मिल प्रबंधन का कहना है कि संस्थान की तरफ से गणतंत्र दिवस पर काम के बदले श्रमिकों को दुगना वेतन दिया जाता है। प्रबंधन का आरोप है कि एक संगठन के प्रतिनिधियों ने मिल परिसर के बाहर पहुंचकर माहौल को बिगाडऩे का प्रयास किया था। जानकारी के अनुसार श्रम विभाग के नियमों के अनुसार छुट्टी के दिन किसी भी संस्थान में काम लेने पर संबंधित कार्मिक को दो दिन का वेतन दिया जाता है। गणतंत्र दिवस पर उम्मेद मिल में काम करने के लिए पहली पारी से ही श्रमिकों का पहुंचना शुरू हो गया था। इस दौरान वहां पर मौजूद भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधियों ने मिल में जा रहे श्रमिकों को रोकने का प्रयास किया था। इसको लेकर मामला तूल पकडऩे लगा।
शेष - पेज १५
इस बीच जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आपसी समझाइश की। इसके बाद मिल में अपनी मर्जी से काम पर जाने वाले श्रमिकों को परिसर में भेजा गया। इस बारे में भामसं के जिला संरक्षक रामनाथसिंह व कार्यकारी अध्यक्ष वीरमदेव का कहना है कि मिल प्रबंधन की तरफ से गणतंत्र दिवस का अवकाश नहीं रखने पर विरोध जताया गया, इसके चलते अधिकांश श्रमिकों ने काम का बहिष्कार किया। उनका आरोप है कि पुलिस ने मिल प्रबंधन के कथित दबाव में आकर श्रमिकों पर लाठीचार्ज करने का प्रयास भी किया। उनका यह भी आरोप है कि एक दिसबंर को विधानसभा चुनाव के दौरान भी मिल में कामकाज शुरू रखने का प्रयास किया था। इसका विरोध जताने पर जिला प्रशासन ने छुट्टी करवाई थी।
नियमों का पूरा पालन कर रहा है प्रबंधन
॥मिल्स प्रबंधन श्रम विभाग के नियमों का पूरा पालन कर रहा है। एक संगठन का मिल में कोई आधार नहीं है, ऐसे में बाहरी तत्वों को लाकर कामकाज में रोड़े अटकाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि गणतंत्र दिवस या किसी अन्य अवकाश के दौरान अगर कोई श्रमिक अपनी मर्जी से काम पर आता है तो उसे उस दिन का दुगना वेतन देने का प्रावधान है। मिल में गणतंत्र दिवस पर कार्य सुचारू रहा।
- अजय रंगा, प्रबंधक, उम्मेद मिल, पाली
नियमों की अवहेलना हुई तो करेंगे कार्रवाई
॥गणतंत्र दिवस पर उम्मेद मिल में काम सुचारू करने की रिपोर्ट मंगवाई गई है। मिल के प्रबंधन का दावा है कि सरकारी अवकाश के दिन अगर कार्य कराया जाता है तो उसके बदले श्रमिक को दुगना वेतन दिया जाता है। अगर नियमों की अवहेलना हुई तो कार्रवाई की जाएगी।
- विश्वमोहन शर्मा, एसडीएम, पाली