ढांढण दादी बसंत महोत्सव का समापन
भास्कर न्यूज - पाली
ढांढण दादी भक्त परिवार द्वारा आयोजित 14 वां अखिल भारतीय ढांढण दादी बसंत महोत्सव का रविवार को हर्षोल्लास से संपन्न हुआ। इस दौरान अग्रसेन वाटिका में रविवार को ढांढण दादी का शृंगार किया गया। इस दौरान अग्रवाल समाज के लोगों ने उत्साह से भाग लिया। इस दो दिवसीय महोत्सव के तहत शनिवार को ढांढण दादी परिवार द्वारा शहर में धूमधाम से कलशयात्रा निकाली गई। इस दौरान समाज की महिलाओं ने केसरिया व पुरुषों ने सफेद कपड़े पहनकर कलशयात्रा में अपनी भागीदारी निभाई।
महोत्सव के मंगल कीर्तन के तहत अग्रसेन वाटिका में ढांढण दादी का शृंगार कर उन्हें छप्पनभोग चढ़ाया गया। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय भजन कलाकार सौरभ मधुकर ने अपने भक्ति भरे गीतों से श्रद्धालुओं को भक्तिरंग से डूबो दिया। ढांढण दादी भक्त परिवार के मीडिया प्रभारी गोपीकिशन बंसल ने बताया कि इस दादी का 13 वां महोत्सव पिछले वर्ष रांची में संपन्न हुआ था। इस महोत्सव को लेकर तैयारियां एक वर्ष पूर्व से शुरू कर दी गई थीं। दादी परिवार ने रांची से दादी का ध्वज प्राप्त कर पाली लाए। यहां अग्रवाल समाज के संयुक्त तत्वावधान में धूमधाम से दादी के बसंत महोत्सव का आयोजन किया गया। यह महोत्सव अगले वर्ष बिहार दरभंगा में आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव के मंगल कीर्तन के तहत कोलकाता के आकाशवाणी कलाकार पुष्पा बनर्जी, अंतरराष्ट्रीय भजन कलाकार राजू मेहरा, गोपलवार्मा श्यामा श्याम वंदना परिवार व रवि अजय झुंझुनवाला ने अपने चिरपरिचित अंदाज में दादी के भावपूर्ण भजन का समा बांधा। अंत में गोपीकिशन बंसल ने सभी कलाकारों व महोत्सव में आए मेहमानों का आभार जताकर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने के गोपाल गर्ग, दिनेश गोयल, अग्रवाल पंचायत अध्यक्ष शिवप्रकाश सर्राफ, सचिव जगदीश गोयल, नवरतन अग्रवाल, कैलाश गुप्ता, नीलम बंसल, राजेश बिंदल, जुगल बंसल, सुनील पोद्दार, पवन केजरीवाल, महेंद्र सिंगल, महेंद्र बजाज, ओम प्रकाश गोयल सहित अग्रवाल समाज के सभी मंडलों व दादी परिवार के कार्यकर्ता ने अपना सहयोग निभाया।