पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • देसी कट्टा दिखाकर पेट्रोलपंप से 73 हजार रुपए लूटे

देसी कट्टा दिखाकर पेट्रोलपंप से 73 हजार रुपए लूटे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - पाली
रास थाना क्षेत्र के कलालिया मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर बुधवार सुबह करीब 4.30 बजे कार में पेट्रोल भरवाने पहुंचे चार नकाबपोश लुटेरों ने पंप के सेल्समैन की कनपटी पर देसी कट्टा रखकर उससे लॉकर की चाबी लेकर वहां से करीब 73 हजार रुपए से अधिक की नकदी लूटकर फरार हो गए। आरोपियों ने वहां मौजूद दो कर्मचारियों के साथ मारपीट कर उनके दो मोबाइल भी छीन लिए। घटना को लेकर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही रास पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को पकडऩे के लिए नाकाबंदी कराई तथा आसपास के क्षेत्र में दबिश भी दी, मगर उनके बारे में सुराग नहीं मिल पाया है। इस बीच पाली से एएसपी पी.डी धानिया समेत अन्य अधिकारियों ने भी आरोपियों तक पहुंचने के लिए रास में पड़ाव डाल दिया है। पुलिस के अनुसार रास-कलालिया मार्ग पर जोधपुर निवासी सुरेश कुमार परिहार का शिव पेट्रोल पंप स्थित है। यहां पर दिन व रात में सेल्समैन दिनेश मेघवाल, धारूसिंह रावत तथा नरेंद्रसिंह रावत कार्य देखते हैं। बुधवार सुबह नरेंद्रसिंह तो एक तरफ सो रहा था, वहीं दूसरा कर्मचारी धारूसिंह भी नींद में था। इस दौरान सफेद रंग की सेंट्रो कार लेकर पहुंचे चार नकाबपोश युवकों ने कार में पेट्रोल भरने के बहाने कर्मचारी को बाहर बुलाया। जैसे ही कर्मचारी दिनेश मेघवाल बाहर पहुंचा तो चालक सीट पर बैठे युवक ने उसकी कनपटी पर देसी कट्टा रख दिया तथा लॉकर की चाबी मांगी। अप्रत्याशित रूप से हुए इस घटनाक्रम को देखकर कर्मचारी घबरा गया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने उसे दबोच लिया तथा उससे चाबी छीन ली। इसके बाद बदमाश लॉकर में पड़े 73 हजार 99 रुपए लूटकर फरार हो गए। आरोपियों की हरकत को देखकर नींद से जागे धारूसिंह व दिनेश मेघवाल के साथ मारपीट भी की तथा दोनों के मोबाइल भी छीन लिए।
शेष - पेज ४
इस मामले की जानकारी मिलने पर रास थाना प्रभारी ईश्वरचंद पारीक पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का मौका मुआयना कर आरोपियों को पकडऩे के लिए जिले समेत ब्यावर, नागौर तथा अजमेर जिले में नाकाबंदी कराई, मगर उनके बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने पंप कर्मचारी नरेंद्रसिंह रावत की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है।
बाहरी गिरोह का अंदेशा, मंकी केप पहने थे आरोपी
कार में सवार होकर आए लुटेरों ने अपने चेहरों को मंकी केप से पूरी तरह से ढक रखा था। उन्होंने वारदात के दौरान भी इतनी फुर्ती दिखाई कि पेट्रोल भरने के लिए पहुंचे कर्मचारी को संभलने का मौका ही नहीं दिया। कर्मचारी को पंप के पास आते ही उसकी कनपटी परा रिवाल्वर रख दी। बोलचाल में भी उनकी भाषा अन्य प्रदेश की थी। साथ ही चारों युवक कोड वर्ड में बात कर रहे थे। पंद्रह मिनट में तो वे वारदात को अंजाम देकर फरार होने में कामयाब हो गए थे। एएसपी धानिया का कहना है कि संभवत: यह घटना किसी बाहरी गिरोह ने की है। इसके बारे में पता लगाने के लिए पुलिस दलों का गठन किया है।
भीम से मिलती-जुलती रास की घटना
पुलिस का यह भी कहना है कि संभवत: इन आरोपियों ने ही गत दिनों राजसमंद जिले के भीम में स्थित पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम दी है। इस बारे में उनका तर्क है कि जिस तरह से भीम के पेट्रोल पंप पर कर्मचारी को बंदूक दिखाकर वहां से आरोपी नकदी लूटकर फरार हुए थे, वैसे ही रास के पेट्रोल पंप पर भी हुई है। पुलिस रास में कर्मचारियों से लूटे गए मोबाइल की लोकेशन भी ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही कई एक्सपर्ट की सेवाएं भी ली जा रही हैं।



ञ्चरास के कलालिया मार्ग स्थित पंप पर कार में पेट्रोल भरवाने के बहाने पहुंचे थे बदमाश, चारों आरोपियों ने बिना नंबरी कार से उतरकर सेल्समैन को दबोचा, कनपटी पर देसी कट्टा रखकर लॉकर की चाबी अपने कब्जे में ली