- Hindi News
- मांडल व चांचोडी के मंदिरों में चोरी, श्रद्धालुओं में रोष
मांडल व चांचोडी के मंदिरों में चोरी, श्रद्धालुओं में रोष
भास्कर न्यूज - पाली
गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र के मांडल तथा चांचोडी गांव में मंगलवार रात चोरों ने दो मंदिरों से भगवान की प्रतिमाओं से चांदी के जेवरात तथा अन्य सामान चुरा लिया। घटना की जानकारी बुधवार सुबह मिलने पर श्रद्धालुओं में पुलिस गश्त को लेकर रोष व्याप्त हो गया। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस की रात्रि गश्त नहीं होने के कारण क्षेत्र में आए दिन चोरी की वारदात हो रही है।
पुलिस के अनुसार मांडल गांव में स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में मंगलवार शाम पूजा-अर्चना करने के बाद मंदिर का पुजारी मुख्य द्वार पर ताला लगाकर घर चला गया था। रात में चोरों ने मंदिर के ताले तोड़ दिए तथा वहां से शिवलिंग पर लगा हुआ चांदी का कवर, एक नाग की प्रतिमा समेत अन्य कीमती सामान चुराकर ले गए। चोरों ने मंदिर परिसर में सारा सामान भी बिखेर दिया। बुधवार सुबह मंदिर पर मंगला आरती के लिए पहुंचे पुजारी को घटना के बारे में पता चला। इसके बाद मौके पर काफी ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, चोरों ने इसी थाना इलाके के चांचोडी गांव में आबाद रामदेव मंदिर में भी वारदात को अंजाम देकर वहां से चांदी का मुकुट, दो घोड़े की प्रतिमाएं तथा अन्य कीमती सामान चुराकर ले गए। पुलिस ने पुजारियों की रिपोर्ट पर दोनों मामले दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।