- Hindi News
- शिविर में बालिकाएं सीख रही हैं जूडो कराटे के दांव
शिविर में बालिकाएं सीख रही हैं जूडो-कराटे के दांव
पाली - राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान की ओर से जिले के रोहट में शुरू किए गए बालिका आत्मरक्षा शिविर में बालिकाएं उत्साह से भाग ले रही हैं। बालिकाओं को प्रशिक्षित शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा विपरीत परिस्थितियों में असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए जुड़ो-कराटे की बारीकियां बताई जा रही हैं। इससे पूर्व शिक्षा विभाग की ओर से चयनित अध्यापकों व अध्यापिकाओं को इसके लिए प्रशिक्षण दिया गया था। इसके बाद से जिले के रोहट स्थित शारदे बालिका छात्रावास में 22 जनवरी से आत्मरक्षा शिविर शुरू किया गया। इस शिविर में कक्षा 9वीं व 11वीं की कुल 40 बालिकाएं भाग ले रही हैं। विभाग के अनुसार आगामी दिनों में जिले में 2 छात्रावास और 4 स्कूलों में भी बालिका आत्मरक्षा के शिविर लगाए जाएंगे। इसको लेकर आगामी दिनों में जिले के चयनित शारीरिक शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा।
रोहट के बाद 6 स्थानों पर भी शुरू होगा शिविर : सर्व शिक्षा अभियान के विनोदकुमार शर्मा ने बताया कि जिले में रोहट ब्लॉक के बालिका छात्रावास में शिविर शुरू किया गया है। इसके बाद रानी ब्लॉक के खौड़, बाली के खेतरली बालिका छात्रावास में भी बालिका आत्मरक्षा शिविर शुरू किया जाएगा। इसके अलावा भी रानी, बाली, रोहट और जिला मुख्यालय पर राजकीय बालिया बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में भी शिविर शुरू होगा। इसके लिए सभी स्कूलों व छात्रावास वार्डन को 100-100 बालिकाओं को शिविर में लाने के आदेश दे रखे है।
31 जनवरी से खाटूश्याम में शुरू होगा प्रशिक्षण : जिले में अन्य स्थानों पर शिविर शुरू करवाने के लिए जिले से चयनित 6 शारीरिक शिक्षकों को सीकर जिले के खाटूश्याम में प्रशिक्षण दिया जाएगा। सर्व शिक्षा अभियान के शर्मा ने बताया कि खाटूश्याम में 31 जनवरी से 6 फरवरी तक सात दिवसीय शिविर में शिक्षकों को जुड़ो, कराटे व जिम्नास्टिक का शिक्षण दिया जाएगा। शिक्षकों के शिविर से लौटने के बाद जिले के 2 छात्रावास व 4 विद्यालयों में बालिका आत्मरक्षा शिविर शुरू किया जाएगा।
उपनिदेशक यादव आज करेंगे शिविर का निरीक्षण : शिक्षा विभाग के निदेशक भूपसिंह यादव गुरुवार को पाली आएंगे। वे रोहट छात्रावास में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत चल रहे बालिका आत्मरक्षा शिविर का निरीक्षण करेंगे। साथ ही शिविर के अन्य कार्यों का अवलोकन भी करेंगे।
शिविर को रखा जाएगा निरंतर
॥ रोहट में शुरू किए गए बालिका आत्मरक्षा शिविर में बालिकाएं उत्साह से भाग ले रही है। शिक्षा विभाग की ओर से आगामी दिनों अन्य स्थानों पर यह शिविर शुरू किया जाएगा। कोशिश यह रहेगी की शिविर को पूरे जिले की बालिका विद्यालयों में शुरू किया जाए और इस शिविर को निरंतर रखने को लेकर भी विचार विमर्श किया जाएगा।
- नूतनबाला कपिला, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक पाली