- Hindi News
- जीप चोरी का आरोपी अस्पताल से छुट्टी मिलते ही गिरफ्तार
जीप चोरी का आरोपी अस्पताल से छुट्टी मिलते ही गिरफ्तार
पाली - जालोर में नियुक्त हैडकांस्टेबल की चुराई जीप के खराब होने के बाद उसे रोहट में छोड़कर अन्य जीप चुराने के मामले में पुलिस ने आरोपी को बुधवार को जोधपुर अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया है। रोहट से जीप चुराने की जानकारी के बाद पुलिस ने पीछा कर उसे पकडऩे का प्रयास किया था, मगर उसकी जीप एक बिजली पोल से टकरा जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिलते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया तथा रोहट लेकर पहुंची। पुलिस के अनुसार जालोर एसपी कार्यालय में जिला विशेष शाखा ((डीएसबी)) में तैनात हैडकांस्टेबल जबरसिंह के गांव रिछड़ी ((आहोर)) में घर के बाहर खड़ी बोलेरो ((जीजे 15 सी 7837)) रविवार की रात चोरी हो गई थी। इस बोलेरो की स्टेयरिंग में खराबी होने पर आरोपी ने उसे रोहट कस्बे में बस स्टैंड के पास खड़ी कर दी। वहां पुखराज घांची पुत्र भीमाराम के घर के बाहर खड़ी बोलेरो ((आरजे 22 यूए 2297)) लेकर आरोपी भाग गया। इस दौरान मकान मालिक का पुत्र बाहर के कमरे में पढ़ाई कर रहा था, जिसने बोलेरो ले जाते आरोपी को देख लिया। इस पर परिवार के लोग थाने पहुंचे व पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। रोहट एसएचओ जितेंद्रसिंह राठौड़ की टीम ने रोहट से चुराई बोलेरो का पीछा कर जोधपुर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर जोधपुर पुलिस ने भी नाकाबंदी कर दी। इस दौरान बनाड़ थाना क्षेत्र के उचियारड़ा गांव के पास रोहट से चुराई बोलेरो सड़क से उतर कर बिजली पोल से टकरा गई, जिसमें चालक जख्मी हो गया था।