- Hindi News
- दूल्हे के पिता का १० लाख के गहनों से भरा बैग ले गए चोर
दूल्हे के पिता का १० लाख के गहनों से भरा बैग ले गए चोर
नगर संवाददाता - सीकर.
शहर में बजाज रोड स्थित जैन भवन में मंगलवार रात शादी समारोह के दौरान दूल्हे के पिता का गहनों से भरा बैग पार कर लिया गया। बैग में करीब 10 लाख रुपए के गहने व 25 हजार रुपए नकद थे। रात करीब साढ़े नौ बजे हुई इस वारदात के बाद पुलिस अधिकारियों मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस इस मामले में कोई सुराग नहीं लगा पाई है।
पुलिस के मुताबिक किशनगढ़ अजमेर निवासी संतोष कुमार शर्मा के बेटे की बारात मंगलवार शाम सीकर आई थी। यहां जैन भवन में शादी समारोह चल रहा था। संतोष शर्मा के हाथ में छोटा बैग था जिसमें लाखों रुपए के गहने व नकदी रुपए रखे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे वे बैग को पास ही कुर्सी पर रखकर रिश्तेदारों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कोई बैग उठाकर चंपत हो गया। घटना पता चलते ही पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर एएसपी प्रकाश कुमार व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शादी समारोह के दौरान भी तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद शहर के कई मुख्य स्थानों पर आरोपी की तलाश की गई। पुलिस मान रही है कि वारदात से पहले आरोपी को यह जानकारी हो सकती है कि बैग में लाखों के गहने व नकदी है। इस कारण आरोपी ने बैग कुर्सी पर रखते ही पार कर लिया। ऐसे में समारोह में शामिल किसी व्यक्ति का हाथ हो सकता है।
बाहर से कोई व्यक्ति आकर भी रैकी कर सकता है और वारदात को अंजाम दे सकता है।
गिरोह हो सकता है सक्रिय
शहर में इस तरह कि यह पहली बड़ी वारदात है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि कोई गिरोह शहर में सक्रिय हो सकता है। ऐसे में शादियों के सीजन को देखते हुए पुलिस को सख्त कदम उठाने होंगे।