पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंसीकर. जिले के खिलाडिय़ों ने जयपुर में दमखम दिखाते हुए सीकर का नाम रोशन किया है। उन्होंने पैरा ओलंपिक स्पोटर्स ओपन मीट टूर्नामेंट में 15 गोल्ड, 11 सिल्वर व आठ ब्रॉन्ज मैडल पर कब्जा जमाया है। अलग-अलग खेल व कई वर्ग के आयोजित टूर्नामेंट में सब जूनियर वर्ग में रोहित ने गोला फेंक व 50 मीटर दौड़ में दो गोल्ड, साबरमल ने दो सिल्वर, गिरधर ने दो कांस्य व नीतू सिंह ने 50 मीटर दौड़ में गोल्ड मैडल हासिल किया है।
जूनियर वर्ग में फईम ने सौ मीटर दौड़ में एक गोल्ड मैडल, जय सिंह ने सौ मीटर दौड़ में गोल्ड मैडल व भाला फैंक में एक कांस्य एवं करण सिंह ने सौ मीटर दौड़ व भाला फैंक में दो सिल्वर मैडल प्राप्त किए। सीनियर वर्ग में अजय ने गोला फैंक में गोल्ड व भाला फैंक में कांस्य मैडल, शिवपाल सिंह ने दो सिल्वर,मोहम्मद अजीज ने दो कांस्य, श्रीपाल ने भाला फैंक में एक गोल्ड व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी महेश नेहरा ने सौ मीटर दौड़ व भाला फैंक में गोल्ड मैडल हासिल किया।
वहीं सुमन ढाका ने गोला व भाला फैंक में दो गोल्ड मैडल, सुशीला गंवारिया ने गोला व भाला फैंक में दो सिल्वर व माया को कांस्य मैडल मिला है। जनरल में सरिता बावरिया ने गोला फैंक में गोल्ड व 50 मीटर दौड़ में सिल्वर मैडल, शुभम ने 50 मीटर दौड़ में सिल्वर व ओमप्रकाश ने 50 मीटर दौड़ में कांस्य जीता। मंदबुद्धि में पंकज ढाका ने 50 मीटर दौड़ में गोल्ड व गोला फैंक में सिल्वर मैडल वहीं मूक बधिर में विजय मेहरड़ा ने सौ मीटर दौड़ व गोला फैंक में दो गोल्ड मैडल पर कब्जा जमाया।
सीबीएसई स्कूलों की मॉनीटरिंग के लिए बनेंगे ऑब्जर्वर
सीकर. सीबीएसई स्कूलों में बोर्ड एग्जाम और प्रैक्टिकल ऑब्जर्वर की निगरानी में होंगे। ये ऑब्जर्वर प्रैक्टिकल के दौरान आने वाली कमियों और खूबियों की रिपोर्ट बनाकर बोर्ड को भेजेंगे। बाद में बोर्ड रिपोर्ट के आधार पर स्कूलों पर कार्यवाही करेगा। सीबीएसई ने हाल ही में स्कूलों के प्रिंसिपल को ऑब्जर्वर की ड्यूटी दी है। स्कूलों में प्रैक्टिकल के दौरान लैब से लेकर प्रेक्टिकल को ऑब्जर्व करने की जिम्मेदारी ऑब्जर्वर की होगी। वे लैब इंफ्रास्ट्रक्चर, लैब में सुविधाएं, प्रैक्टिकल सिलेबस के हिसाब से हो रहा है या नहीं, वायवा के लिए एक्सटर्नल कौन है, स्टूडेंट्स की परफॉर्मेंस के आधार पर अपनी रिपोर्ट बनाएंगे।
चाइनीज मांझे से तीसरे दिन फॉल्ट, बिजली बंद रही
सीकर. चाइनीज मांझे की वजह से शनिवार को भी फॉल्ट होने की वजह से सीएसडी थर्ड के इलाके में करीब एक घंटे तक बिजली सप्लाई बंद रही। लगातार तीसरे दिन चाइनीज मांझे की वजह से इस इलाके में फाल्ट हुआ। एसईएन नारायण शर्मा ने बताया कि फाल्ट ठीक कराने के बाद टीम लगातार सीएसडी थर्ड इलाके के बिजली तारों से चाइनीज मांझा हटा दिया गया है। अलग-अलग टीमों ने करीब चार घंटे तक बिजली पोलों व ट्रांसफार्मर से तार जलाए। उम्मीद है कि अब फाल्ट नहीं होगा। उन्होंने बताया कि बिजली तारों पर चाइनीज मांझा चिपका होने के कारण जैसे ही कोहरा आता है, फाल्ट हो जाता है।
डेयरी में एक करोड़ की गड़बड़ी में उठी कार्रवाई की मांग
सीकर. तीन साल पहले सरस डेयरी पलसाना के तत्कालीन एमडी ने फैट लॉस के नाम पर ज्यादा छूट देकर डेयरी को एक करोड का नुकसान पहुंचाने के मामले में सचिव यूनियन विरोध पर उतर आया है। मामले में शनिवार को सीकर व झुंझुनूं जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियां सदस्य/सचिव संघ सीटू पदाधिकारियों ने बैठक कर तत्काल जांच करवाने का निर्णय किया। वहीं समितियों को किए गए तीन करोड़ के ज्यादा भुगतान मामले में भी चर्चा की गई। इसके बाद पदाधिकारियों ने सचिव चतराराम बुगालिया की उपस्थिति में सर्वसम्मति से निर्णय कर डेयरी प्रबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा। जिसमें डेयरी के पूर्व प्रबंधक के खिलाफ पुलिस कार्रवाई व दूध बिलों का ज्यादा भुगतान लेकर संकलन केंद्र बंद करने वाले समितियों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराने की मांग की गई। वहीं डेयरी प्रबंधन को चेताया गया कि 30 जनवरी तक कार्रवाई नहीं हुई तो डेयरी बंद कर परिसर के सामने धरना प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में रणजीत, रामपाल, महेंद्र सिंह सहित काफी संख्या में सचिव एवं पदाधिकारी शामिल हुए।
प्लेसमेंट कम्प्यूटर ऑपरेटरों ने दिया ज्ञापन
सीकर. स्थायीकरण की मांग को लेकर कम्प्यूटर ऑपरेटर्स संघर्ष समिति का आंदोलन जारी है। कम्प्यूटर ऑपरेटर्स ने शनिवार को भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुभाष महरिया को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष चेतन सिंह ने बताया कि कम्प्यूटर ऑपरेटर विद मशीन मे चल रही ठेका पद्धति के कारण प्लेसमेंट ऑपरेटर्स की उपेक्षा हो रही है। यदि सरकार उनको स्थायी नहीं करती है तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में जिला उपाध्यक्ष पवन खोखर, सुभाष शर्मा व बंटी प्रसाद आदि मौजूद थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.