अब 60 साल की उम्र से निशुल्क इलाज
सीकर. अब 60 साल के बुजुर्ग का भी निशुल्क इलाज होगा। पर्ची से लेकर अस्पतालों में उपलब्ध हर सुविधा मुफ्त मिलेगी। पहले 65 साल या इससे अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए ही यह सुविधा थी। हालांकि सरकार ने जांच, दवा मुफ्त की हुई है लेकिन पांच रुपए की पर्ची से लेकर 15 रुपए एडमिशन फीस व 1200 रुपए तक की सिटी स्कैन जांच शुल्क देना पड़ता है। जो जांचे निशुल्क योजना के दायरे में नहीं है, उनकी फीस लोग दे रहे हैं। लेकिन अब उन लोगों को भी फायदा होगा, जो 60 से 65 साल के बीच की उम्र के हैं। इसे लेकर संयुक्त शासन सचिव चुन्नीलाल कायल ने आदेश जारी कर दिए हैं। सरकार की योजना ने उन लाखों बुजुर्गों को राहत दी है जिनको उम्र की वजह से इलाज कराने में दिक्कत आ रही थी। अधिकारियों के मुताबिक 65 साल की उम्र से निशुल्क इलाज की योजना भी भाजपा सरकार के शासनकाल से ही चली आ रही है। सरकार की ओर निशुल्क इलाज के लिए उम्र घटाने से राज्य के 17 लाख 70 हजार 139 लोगों को फायदा मिलेगा।
॥जो निशुल्क सुविधाएं पहले 65 साल से ज्यादा उम्र वालों को मिलती थी, वह अब 60 साल या इससे ज्यादा उम्र के लोगों को मिलेगी। इसके लिए आदेश जारी कर दिए हैं।
चुन्नी लाल कायल, संयुक्त शासन सचिव
राज्य में किस उम्र के कितने लोगों को फायदा:
60 साल- 9,14,904
61 साल-2,39,423
62 साल-2,35,959
63 साल-1,83,653
64 साल-1,56,200
((आंकड़े 20१1 की जनगणना के अनुसार))