पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंसीकर. शहर की धोद रोड से शुक्रवार रात एसबीआई का एटीएम चोर उठाकर ले गए। एटीएम में 22 लाख रुपए भरे हुए थे। रात करीब दो बजे हुई इस वारदात का पता शनिवार सुबह चला। धोद रोड पर एसबीआई ने एक महीने पहले ही यह एटीएम लगाया था। शुक्रवार शाम को ही एटीएम में 13 लाख रुपए डाले गए थे। नौ लाख रुपए एटीएम में पहले से थे।
पुलिस के मुताबिक धोद रोड पर सोढाणी अस्पताल के पास स्थित एसबीआई एटीएम में शनिवार सुबह पास की दुकान की मालकिन झाड़ू लगाने आई तो एटीएम ही गायब मिला। इस पर उसने आसपास के लोगों को सूचना दी। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया।
लोगों ने पुलिस को बताया कि रात करीब दो बजे के आसपास यह वारदात हुई है। चोरों ने एटीएम उठाने से पहले बिजली की केबल काट दी थी। इसके अलावा एटीएम के पीछे बने एक छोटे केबिन का दरवाजा तोड़ दिया और पीछे से सारे तार निकाल दिए। एटीएम की बैट्री व यूपीएस को चोरों ने मौके पर ही छोड़ दिया। एटीएम 16 दिसंबर को ही यहां पर शुरू किया गया था। एसबीआई ने एम्फेसिस नाम की एक कंपनी को इसका ठेका दे रखा था। वारदात का पता चलने के बाद एसपी हैदर अली जैदी व एएसपी प्रकाश कुमार शर्मा ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने चोरों की तलाश में कई जगह टीमें रवाना की हैं।
नियमों को ताक पर रखकर रखा गया था एटीएम
एटीएम केबिन में मशीन व तिजोरी को फर्श में गाड़ कर लगाया जाता है। जिससे कोई उसे उखाड़ नहीं सके। इसके नीचे की तरफ सरिए लगाकर लॉक किया जाता है। धोद रोड पर लगाया गया एटीएम महज फर्श पर रखा गया था। नीचे की तरफ चार छेद निकाले जरूर थे लेकिन उनमें भी पेच नहीं लगाए गए थे। इस कारण चोरों ने आसानी से एटीएम उठाकर गाड़ी में डाल लिया।
साथ ही चले गए सीसीटीवी फुटेज
सीसीटीवी कैमरा भी एटीएम कैबिन में न लगा होकर मशीन के अंदर ही लगा हुआ था। जिससे सीसीटीवी फुटेज भी साथ ही चले गए। सीसीटीवी कैमरे के लिए कोई कंट्रोल रूम नहीं बनाया गया था जिससे उसमें फुटेज संग्रहित हो सके।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.