शेखावाटी की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे
सीकर. ग्रामीण महिला शिक्षण संस्थान समिति शिवसिंहपुरा में सोमवार को वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह दीक्षांत 2014 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि शेखावाटी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. विमलेश चौधरी ने कहा कि शेखावाटी के लोगों ने हर क्षेत्र में नाम रोशन किया है। यहां की महिलाएं शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में अग्रणी हैं। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा से पहले चरित्र निर्माण का आह्वान किया और कहा कि दृढ़ निश्चय और कठोर परिश्रम के बल पर ही आगे बढ़ा जा सकता है। कार्यक्रम के अध्यक्ष जीएल राठी ने कहा, आज के समय में बाजार में जिसकी कीमत ज्यादा होगी, वहीं श्रेष्ठ है, लेकिन युवा पीढ़ी इसमें बदलाव करेगी। उन्होंने कहा, गुरु के बिना दिशा, और परिश्रम के बिना सफलता नहीं मिलती। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज स्वाति दूधवाल को प्रशस्ति पत्र देकर, विश्वविद्यालय परीक्षा 2013 में स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं, श्रेष्ठ परिणाम देने वाले व्याख्याताओं, पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाले व्याख्याताओं को सम्मानित किया गया। अतिथियों का स्वागत संस्थान अध्यक्ष चैनसिंह आर्य ने किया। इस मौके पर सचिव हेमाराम गोदारा ने संस्थान की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इधर, रविवार को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. रामकुमार दाधीच थे। इस दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।