- Hindi News
- सभापति उप चुनाव के लिए पार्टियों ने शुरू की कवायद
सभापति उप चुनाव के लिए पार्टियों ने शुरू की कवायद
सीकर. नगर परिषद सभापति के उप चुनाव को लेकर पार्टियों में हलचल शुरू हो गई। भाजपा, कांग्रेस और एनसीपी से चुनाव लडऩे के लिए लोगों ने जोड़ तोड़ शुरू कर दिया है। गुरुवार को भाजपा ने चुनाव संचालन समिति का गठन कर दिया। एनसीपी की ओर से शनिवार को बैठक रखी गई है। वहीं कांग्रेस एक नाम तय करने को लेकर कवायद कर रही है।
भाजपा आज तीन बजे तक लेगी आवेदन : भाजपा की चुनाव संचालन समिति शुक्रवार दोपहर तीन बजे तक भाजपा कार्यालय में सभापति उम्मीदवार के लिए आवेदन स्वीकार करेगी। जिलाध्यक्ष हरिराम रणवां ने बताया कि शाम छह बजे तक समिति तीन नामों का पैनल प्रदेश मुख्यालय भिजवाएगी। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद फार्म भरवाया जाएगा। रणवा ने बताया कि शहर अध्यक्ष गिरधारी महाराज को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में विधायक रतनलाल जलधारी, जिला महामंत्री भंवरलाल वर्मा, शहर महामंत्री राजकुमार जोशी व पार्षद तुलसी अग्रवाल हैं।
एक को होगी नाम की घोषणा, तीन को भरेंगे पर्चा : एक फरवरी को शाम तक भाजपा की ओर से सभापति उप चुनाव के उम्मीदवार की घोषणा कर दी जाएगी। तीन फरवरी को पर्चा भरा जाएगा। शुक्रवार को चुनाव समिति की ओर से भेजे जाने वाले पैनल पर प्रदेश मुख्यालय में चर्चा के बाद उम्मीदवार के नाम को हरी झंडी दी जाएगी।
चुनाव मैदान में उतरेगी एनसीपी : विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार का कारण बनी एनसीपी इस चुनाव में भी समीकरण बदल सकती है। एनसीपी की ओर से भी उम्मीदवार उतारा जाएगा। एनसीपी से विधानसभा प्रत्याशी रहे वाहिद चौहान शनिवार को एनसीपी कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। रविवार को सभापति उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
सहमति से नाम तय करेगी कांग्रेस : कांग्रेस में भी सभापति पद के लिए कई नाम चल रहे हैं। पार्टी पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता किसी एक नाम पर मुहर लगाने के लिए मंथन करेंगे। पूर्व उद्योग मंत्री राजेंद्र पारीक ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और नेताओं से राय लेकर सबकी सहमति से नाम तय किया जाएगा।