पैंथर के नाखून और दांत नहीं मिले
उदयपुर - बड़ा मदार तालाब के पीछे जंगल में मृत मिले पैंथर के पोस्टमार्टम के बाद भी मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि डॉक्टर्स को पैंथर के न नाखून मिले और न ही दांत। वन अधिकारियों का अनुमान है कि मेटिंग सीजन होने से दो पैंथर में लड़ाई हुई होगी, जिसमें इसकी मौत हो गई। पैंथर को मृत देख कोई दांत और नाखून ले गया होगा। हॉस्पिटल के उप निदेशक डॉ. ललित जोशी ने बताया कि पैंथर नर था और इसकी उम्र करीब 5 वर्ष थी। एक-दो नाखून छोड़कर पंजे के नाखून टूटे हुए थे, दांत भी नहीं थे। पंजे की हड्डी व पसलियां टूटी हुई थीं।जंगल में 10-12 दिन पड़े रहने से जानवर उसके सभी अंग खा गए हैं। अंग नहीं बचने और सड़े-गली खाल होने से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम करने वाले बोर्ड में डॉ. शक्ति सिंह, डॉ. शैलेष शुक्ला और डॉ. महेन्द्र मेहता शामिल थे।