- Hindi News
- सब सिटी सेंटर पर तैनात होंगे यूआईटी के गार्ड
सब सिटी सेंटर पर तैनात होंगे यूआईटी के गार्ड
उदयपुर - सविना क्षेत्र में सब सिटी सेंटर योजना की निगरानी के लिए अब यूआईटी गार्ड तैनात करेगा।क्लीन उदयपुर अभियान के तहत अभी सब सिटी सेंटर क्षेत्र में यूआईटी की ओर से साफ सफाई का काम करवाया जा रहा है। यूआईटी सचिव ने बताया कि सब सिटी सेंटर की खाली पड़ी जमीन पर डाले गए मलबे व भराव को हटाने का काम करवाया जा रहा है। यह काम होने के बाद कोई दोबारा यहां मलबा या भराव खाली नहीं करें, इसको ध्यान में रखते हुए गार्ड तैनात करने का निर्णय लिया गया है। यहां अब कोई व्यक्ति अनधिकृत रूप से कोई मलबा या भराव खाली करता पाया गया तो उसके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया जाएगा। संबंधित वाहन को जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। गौरतलब है कि करीब 25 साल पहले सवीना क्षेत्र में 136 बीघा जमीन पर सब सिटी सेंटर विकसित करने की योजना बनाई गई थी। यहां दिल्ली के कनाट पैलेस की तर्ज पर गोल मार्केट बनाने का सपना संजोया गया था। गोल मार्केट के बीच में गार्डन विकसित करने की योजना भी थी। इसका काम भी शुरू हुआ। काफी कुछ काम होने के बाद बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया। उसके बाद से सब सिटी सेंटर मलबा, भराव खाली करने का अनधिकृत ट्रेचिंग ग्राउंड बन गया। शहर भर का मलबा लाकर इस जगह पर डाला जा रहा है।
जिसको मौका मिलता वो खाली कर जाता है भराव
सब सिटी सेंटर योजना में चारों ओर बाउंड्री वॉल नहीं होने से जिसको मौका मिलता वो मलबा व भराव खाली कर जाता है। कई बार नगर निगम के कर्मचारी भी शहर की गंदगी यहां खाली कर देते हैं। हाल ही में यूआईटी सचिव ने यहां पर गंदगी खाली करते हुए नगर निगम के एक डंपर को पकड़ लिया था।