- Hindi News
- श्यामनगर में लाखों की सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया
श्यामनगर में लाखों की सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया
नगर संवाददाता - उदयपुर
कलेक्टर एवं यूआईटी चेयरमैन के निर्देश पर चित्रकूट नगर, श्याम नगर ((भुवाणा)) में वीडियोग्राफी होने के बावजूद क्षेत्र में अतिक्रमण रुकते नजर नहीं आ रहे हैं। श्याम नगर में बुधवार को ऐसे दो मामलों में यूआईटी ने कार्रवाई की।
अधिकारियों के मुताबिक श्यामनगर में एक व्यक्ति ने यूआईटी की करीब तीन हजार स्क्वायर फीट रिजर्व जमीन पर कब्जा कर कमरा बना दिया थे। इसे बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। यहीं एक और व्यक्ति करीब चार हजार स्क्वायर फीट सरकारी जमीन पर कब्जा करने के लिए बुलडोजर लगाकर समतल करने का काम कर रहा था। तहसीलदार अर्जुनदान देथा ने काम रुकवा कर अतिक्रमण का प्रयास करने वाले को वापस ऐसा नहीं करने के लिए पाबंद किया। वरना पुलिस में मामला भी दर्ज करवाया जाएगा। गौरतलब है कि हाल ही यूआईटी में जनसुनवाई में सामने आया था कि भुवाणा क्षेत्र के चित्रकूट नगर, श्याम नगर में अतिक्रमण बढ़ते जा रहे हैं। तब कलेक्टर के निर्देश पर यूआईटी ने क्षेत्र में वीडियोग्राफी करवाई थी।
यूआईटी में जनसुनवाई आज
कलेक्टर एवं यूआईटी चेयरमैन आशुतोष पेडणेकर गुरुवार दोपहर तीन बजे यूआईटी में जनसुनवाई करेंगे। इस बार जन सुनवाई में 40 प्रकरणों पर सुनवाई होगी। यूआईटी अधिकारी मंगलवार को दिन भर तैयारी में जुटे रहे।
नगर निगम ने बनवाए बोर्ड
नगर निगम की खाली जमीन पर कोई कब्जा नहीं करे, इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने अपनी जमीन पर सूचना बोर्ड लगाने की तैयारी कर ली है। निगम ने बोर्ड बनवा लिए हैं।मेयर रजनी डांगी ने बुधवार को इस मामले में राजस्व समिति अध्यक्ष दुर्गेश शर्मा से चर्चा कर समय रहते बोर्ड लगाने को कहा है।
...और इधर