पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • दस रुपए में देने थे एपीएल राशन कार्ड, मुफ्त बांट दिए

दस रुपए में देने थे एपीएल राशन कार्ड, मुफ्त बांट दिए

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर संवाददाता - उदयपुर
नए राशन कार्ड बांटने की प्रक्रिया में एपीएल के राशन कार्ड दस रुपए शुल्क में देने हैं, जबकि जिले में कई जगह इनका वितरण मुफ्त हो गया। प्रक्रिया शुरू होने के बाद फिर से खाद्य विभाग के आदेश आने पर व्यवस्था में बदलाव किया गया और एपीएल राशन कार्ड दस रुपए शुल्क में दिए जाने लगे। किसी को निशुल्क और किसी को दस रुपए शुल्क पर राशन कार्ड मिलने से ग्रामीणों में असमंजस है। पिछले दिनों खाद्य मंत्री की बैठक में निर्देश पर जिले की लसाडिय़ा, सराड़ा, सलूंबर, झाड़ोल, मावली, गिर्वा और भींडर पंचायत समिति में राशन कार्ड वितरण शुरू किया गया।सभी पंचायत समितियों के एक लाख 73 हजार 675 राशन कार्ड तैयार हो चुके थे।




शहर के कार्ड तकनीकी खराबी में उलझे

अब ये हैं सरकारी आदेश

खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता मामले विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अशोक शेखर ने मंगलवार को आदेश जारी कर बताया कि एपीएल उपभोक्ताओं के राशन कार्ड दस रुपए शुल्क में देने हैं, जबकि बाकी सभी ((बीपीएल, स्टेट बीपीएल, अंत्योदय, अन्नपूर्णा)) श्रेणियों के उपभोक्ताओं को राशन कार्ड निशुल्क दिए जाने हैं।

ऐसे लिया जाएगा शुल्क

राशन कार्ड वितरण कर रही पंचायतों के लिए विकास अधिकारियों को आदेश है कि जो राशन कार्ड नहीं बंटे हैं, उनमें से एपीएल श्रेणी के उपभोक्ताओं को दस रुपए शुल्क में राशन कार्ड दिए जाएं। जिन एपीएल उपभोक्ताओं को निशुल्क दिए जा चुके हैं, उनसे उस समय दस रुपए शुल्क वसूला जाए, जब वह राशन सामग्री लेने कंट्रोल की दुकान पर पहुंचें।



सात पंचायत समितियों के कुछ राशन कार्ड पिछले दिनों आए और बाकी राशन कार्ड भी तैयार होने की प्रक्रिया में है, लेकिन उदयपुर शहर के राशन कार्ड का अभी कोई पता नहीं है। दरअसल शहर के राशन कार्ड तकनीकी परेशानी में उलझे हुए हैं। जिला रसद अधिकारी ((शहर)) के डिजिटल सिग्नेचर खराब होने के कारण राशन कार्ड तैयार नहीं हो पा रहे हैं। राशन कार्ड तैयार कर रही फर्म गुजरात इंफोटेक और एनआईसी ((नेशनल इंफॉरमेशन सेंटर)) के बीच तालमेल की कमी के कारण देरी हो रही है। फर्म के प्रतिनिधि संजय प्रताप सिंह पारीक ने बताया कि डीएसओ ((सिटी)) एम.एल. चौहान के डिजिटल सिग्नेचर छपने में तकनीकी खराबी हो गई थी। एनआईसी से दोबारा मांगे जाने पर दो माह बाद डिजिटल सिग्नेचर भेजा गया, वो भी खराब निकला। ऐसे में शहर के राशन कार्ड तैयार होने में देरी हो रही है।

इसलिए बनी असमंजस की स्थिति

खाद्य विभाग की ओर से जुलाई 2012, अप्रैल 2013 और दिसंबर 2013 में आदेश जारी किया गया था कि एपीएल राशन कार्ड 10 रुपए शुल्क में और बाकी सभी श्रेणी के राशन कार्ड निशुल्क दिए जाने हैं। जब आदेश दिए गए, तब उदयपुर जिले में राशन कार्ड बंटना प्रक्रिया में नहीं था। रसद अधिकारी ((ग्रामीण)) कार्यालय भी पिछले महीनों ही स्थापित किया गया। ऐसे में पूर्व के आदेश भी रसद अधिकारी ((शहर)) कार्यालय में ही हैं। जब जिले में राशन कार्ड बंटना शुरू हुए, तब शुल्क संबंधी कोई आदेश नहीं आया।



॥एपीएल श्रेणी के राशन कार्ड दस रुपए शुल्क में देने हैं। ये आदेश सोमवार को मिले और सभी विकास अधिकारियों को जानकारी भेज दी गई है। जो नहीं बंटे, वे एपीएल कार्ड अब शुल्क में देंगे और जो बंट चुके हैं, उनका शुल्क राशन की दुकानों पर वसूल कर लिया जाएगा। राशन कार्ड बांटने की प्रक्रिया शुरु होने के बाद आदेश आने से यह परेशानी हुई है।

एन.के. कोठारी, डीएसओ ((ग्रामीण))