- Hindi News
- जेल में गैंग बनाई, ट्रक चुरा कर तस्करों को बेच दिए
जेल में गैंग बनाई, ट्रक चुरा कर तस्करों को बेच दिए
नगर संवाददाता - उदयपुर
ट्रक चोर गैंग के खुलासे के साथ ही एक बार फिर जेल में बंद कैदी के वहीं से गैंग ऑपरेट करने की बात सामने आई है। चोरी के बाद आरोपी जेल में बंद अपराधियों से संपर्क कर तस्करों को ओने-पौने दाम में ट्रक बेच रहे हैं। बुधवार को सूरजपोल थाना पुलिस द्वारा पकड़े गए गिरोह से पूछताछ में यह खुलासा हुआ। पुलिस अब मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
एसपी अजयपाल लांबा ने बताया कि पुलिस ने गिरोह में शामिल दीवानशाह कॉलोनी निवासी अंसार उर्फ सोनू पुत्र हरदिल अजीज, स्वराजनगर निवासी इकराम उर्फ अकरम पुत्र रशीद मोहम्मद को गिरफ्तार किया है। दीवानशाह कॉलोनी निवासी मुराद पुत्र आबिद शाह फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। आरोपियों से 21 जनवरी को चोरी किया ट्रक बरामद कर लिया गया है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि 21 जनवरी को रेलवे स्टेशन के पास से चोरी हुआ ट्रक चित्रकूट नगर के पीछे डीपीएस से सटे जंगल में वीरान जगह पड़ा है। आरोपी उसे निकालकर बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने सुखेर हाईवे पर नाकाबंदी की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई डीएसपी गोवर्धनलाल खटीक के नेतृत्व में थानाधिकारी बोराज सिंह भाटी, एएसआई अभयनाथ चौहान, कांस्टेबल मो. अतहर, फतह सिंह, मुकेश कुमार, मनबहादुर, गणेश सिंह, गोविंद सिंह की टीम ने की।
शहर में तीन ट्रक चुराए
: 27 दिसम्बर की रात विशाल मेगा मार्ट के बाहर से ट्रक चोरी किया। इसे नसीराबाद हाईवे स्थित ढाबे पर आए तस्करों को बेच दिया गया।
: 11 जनवरी की रात मीरा कला मंदिर के बाहर से ट्रक चोरी किया और रतलाम, एमपी में बेचा।
: 21 जनवरी तड़के सिटी रेलवे स्टेशन के बाहर से ट्रक चोरी किया।