0 पीआरओ समाचार
क्रिश्चियन यूनिटी प्रार्थना सभा आयोजित
उदयपुर क्रिश्चियन फैलोशिप की ओर से आयोजित क्रिश्चियन यूनिटी प्रार्थना सप्ताह की तीसरी प्रार्थना सभा सवीना स्थित अपोस्टोलिक क्रिश्चियन एसेंबली चर्च में हुई। आयोजन में कलवरीकन्वीनेंट चर्च, शेपर्ड चर्च और सीएफआई चर्च से जुड़े मसीही परिवारजनों की मौजूदगी रही। प्रार्थना सभा में शहर के सभी गिरजाघरों के धर्म गुरु, प्रतिनिधि भी मौजूद थे। मुख्य संदेश रेव्ह. रेमसन विक्टर ने दिया।
क्रिश्चियन यूनिटी प्रार्थना सप्ताह के तहत चौथी और अंतिम प्रार्थना सभा 25 को ऑवर लेडी ऑफ फातिमा कैथेड्रल चर्च में होगी। इसमें मुख्य संदेश रेव्ह. बिशप डॉ. देवप्रसाद गणावा देंगे। आयोजन में ओवर लेडी ऑफ फातिमा कैथेड्रल चर्च, एबेनेजर ब्रेथ्रेन एसेंबली से जुड़े मसीही परिवार शामिल होंगे।
परिणाम घोषित
पेसिफिक विश्वविद्यालय ने बुधवार को एमसीए फस्र्ट सेमेस्टर मैन एग्जाम का परिणाम घोषित किया। परिणाम विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
युवा मोर्चा की संभाग स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता कल
भाजपा युवा मोर्चा की संभाग स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता 24 जनवरी को उदयपुर में होगी। मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जो टीम विजय होगी, वह टीम अगले दौर में जयपुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी।
नेताजी बोस की जयंती आज
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से गुरुवार को आजाद हिंद फौज के नायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती मनाई जाएगी। महासभा के जिलाध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश भटनागर ने बताया कि गुरुवार शाम 4 बजे मल्लातलाई चौराहा स्थित नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। बजरंग सेना मेवाड़ व युवा क्रांति सेना के साझे में दोपहर 2 बजे टाउनहॉल से सुभाषचंद्र बोस चौराहा तक वाहन रैली निकाली जाएगी। संभाग अध्यक्ष शंकरलाल माली ने बताया कि रैली में भगवान एकलिंग नाथ व हनुमानजी की झांकी भी शामिल होगी।
सीरियल पर रोक की मांग
टीवी चैनल पर महाराणा प्रताप के जीवन चरित्र पर आधारित धारावाहिक में आपत्तिजनक दृश्य दिखाए जाने पर मेवाड़ क्षत्रिय महासभा संस्थान और राजपूत करणी महासेना ने आपत्ति की गई है। संगठनों ने सीरियल पर रोक की मांग की है।
डॉ. गिरिजा आज उदयपुर में
केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास गुरुवार सुबह उदयपुर पहुंचेंगी। वे संभाग के विविध कार्यक्रमों में शरीक होंगी।
जनसुनवाई स्थगित : जिले में शुक्रवार को होने वाला उपखंड स्तरीय जनसुनवाई और अभाव अभियोग निस्तारण शिविर स्थगित कर दिया गया है। पहला शिविर खेरवाड़ा उपखंड मुख्यालय पर होना था।
तरवाड़ी के नाम ट्रस्ट बना
अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष दिनेश तरवाड़ी की पुण्यतिथि पर बुधवार को जय अंबे माता मंदिर, शक्ति नगर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुआ। इस मौके जन हित में दिनेश तरवाड़ी मेमोरियल ट्रस्ट का गठन किया गया और कार्यकारिणी घोषित की गई।
बेरोजगारी पंजीयन प्रक्रिया में बदलाव
राज्य सरकार की ओर से रोजगार कार्यालय में शुरू की गई ऑन लाइन पंजीयन प्रक्रिया के विकल्पों में वृद्धि की गई है। रोजगार विभाग ने गत दिनों वैयक्तिक पंजीयन व नवीनीकरण को निषिद्ध कर बेरोजगारों को ऑनलाइन पंजीयन सुविधा दी है। निदेशक हंसा सिंह देव के अनुसार सरकार की विभिन्न सेवाओं के एकीकृत पोर्टल एसएसडीजी के माध्यम से अब कोई भी बेरोजगार ऑनलाइन पंजीयन करवा सकेगा। यह सुविधा ई-मित्र कियोस्क, नागरिक सेवा केंद्र तथा विभागीय ऑनलाइन पंजीयन कियोस्क पर भी उपलब्ध रहेगी। डाउनलोड आवेदन प्रपत्र में आवेदक को हस्ताक्षर युक्त जानकारी देनी होगी। शैक्षणिक, जाति, अनुभव आदि संबंधी दस्तावेज स्केन व अपलोड करने होंगे। प्रपत्रों में कमी होने पर आशार्थी को सूचित किया जाएगा तथा पंजीयन का नवीनीकरण भी ऑनलाइन किया जाएगा।
अल्पसंख्यक से मांगा कारोबारी ऋण का आवेदन
अल्पसंख्यक समुदाय में अल्प आय वर्ग के लोगों से कारोबार संचालन के लिए ऋण आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसमें दो लाख तक ऋण लिया जा सकेगा। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि ऐसे व्यक्तियों के आवेदन 30 जनवरी तक कार्यालय समय में जिला अल्पसंख्यक मामलात विभाग से आवेदन लेकर जमा कराने होंगे। इसमें ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कल 40 कम्पनियां बेरोजगार युवाओं के लेगी साक्षात्कार
एमबी स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में 24 जनवरी को रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इसमें निजी कम्पनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिसमें मौके पर ही साक्षात्कार लिया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि मेले में आठवीं, दसवीं, बारहवीं, आईटीआई इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल एवं ऑटोमोबाईल डिप्लोमा, नर्सिंग, ग्रेजुएट, एमएससी कैमिस्ट्री, एमएसडब्ल्यू, रिटेल व मार्केटिंग, बीपीओ के लिए अंग्रेजी व कम्प्यूटर के जानकार आशार्थी अपने मूल दस्तावेज मय फोटो कॉपी के साथ प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक मेले में सम्मिलित हो सकते हैं।
इनके लगेंगे स्टॉल : रोजगार मेले में होटल, हॉस्पिटल, बैंक, बीमा, सुरक्षा गार्ड, आईटी, उद्योग, रिटेल, वस्त्र उद्योग, सीमेंट उद्योग, बीपीओ, कंस्ट्रक्शन आदि से विभिन्न पदों के लिए मौके पर ही बनी नि:शुल्क स्टॉल में साक्षात्कार द्वारा भर्ती करेगी।
जिला स्तरीय सतर्कता मॉनिटरिंग समिति की बैठक 27 को
जिला स्तरीय सतर्कता मॉनिटरिंग समिति की बैठक 27 जनवरी को सुबह 11.30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में होगी। बैठक में अनुसूचित जाति व जनजाति के व्यक्तियों पर होने वाले अत्याचारों के मामलों में आर्थिक सहायता तथा सतर्कतापूर्वक जांच व प्रभावी कार्रवाई के लिए चर्चा की जाएगी।
मतदाता जागरूकता के लिए रैली निकाली
जिले में मतदाता दिवस के अवसर पर स्वीप प्रोग्राम में मतदाता जागरूकता रैली, चित्रकला, स्लोगन प्रतियोगिता गुरु नानक पब्लिक सीनियर सेकंडरी स्कूल, हिरण मगरी सेक्टर 4 में आयोजित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के करीब साढ़े पांच सौ छात्र-छात्राएं रैली में शरीक हुए। स्वीप प्रतिनिधि प्रदीप कुमार शर्मा के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता उत्सव पर नारे लगाते हुए उत्साह के साथ छात्र-छात्राएं चले।
पोस्टर प्रतियोगिता- राजकीय मीरा कन्या महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता के अन्तर्गत जागरूकता विषयक पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया । प्रतियोगिता में संगीता राव प्रथम, पूजा चौधरी व निकिता पूर्बिया द्वितीय, भावना सांखला ने सांत्वना स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर स्वीप प्रतिनिधी प्रदीप कुमार शर्मा ने मतदाताओं को मतदान केंद्र तक जाने व मतदान करने का संकल्प दिलवाया।
पशु क्रूरता व उनके निवारण से संबंधित चित्र बनाए
पशु कल्याण पखवाड़े के तहत बुधवार को चित्रकला प्रतियोगिता हुई। राजकीय पशुपालन प्रशिक्षण संस्थान के वरिष्ठ प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. सुरेंद्र छंगाणी ने बताया कि प्रतिभागियों ने पशु क्रूरता व उनके निवारण संबंधित चित्र बनाए।
मेहंदी व रंगोली प्रतियोगिता
आरएमवी गल्र्स कॉमर्स कॉलेज में बुधवार को मुस्कान क्लब की ओर से मेहंदी व रंगोली प्रतियोगिता हुई। प्राचार्या डॉ. रचना करणपुरिया ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता रहे प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
अक्षय ऊर्जा पर संगोष्ठी
उमरड़ा स्थित एसएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में अक्षय ऊर्जा पर संगोष्ठी हुई। इसमें मुख्य अतिथि व वक्ता दक्षिणी अफ्रीका के प्रीटोरिया विश्वविद्यालय के प्रो. डॉ. आरसी बंसल ने सोलर फोटो वोल्टेक टेक्नोलॉजी, विंड पावर टेक्नोलॉजी तथा स्मार्ट ग्रिड की बेसिक जानकारी दी। इसके साथ ही विभिन्न तकनीकों के बारे में बताया। संस्था के प्रधानाचार्य प्रो. वीके श्रीवास्तव ने भी विचार रखे।
कार्यशाला आज से
राजस्थानी पंचायती राज रिफ्रेशर प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत पंचायत समिति सदस्यों व ब्लॉक अधिकारियों के लिए जेंडर संवेदी शासन मुद्दों पर आधारित दो दिवसीय कार्यशाला गुरुवार से शुरू होगी। यह जानकारी पंचायत समिति बडग़ांव के विकास अधिकारी द्वारा दी गई।