- Hindi News
- सवारी से रुपए लूटने वाला टेम्पो चालक व साथी गिरफ्तार
सवारी से रुपए लूटने वाला टेम्पो चालक व साथी गिरफ्तार
नगर संवाददाता . उदयपुर
हाथीपोल थाना पुलिस ने मल्लातलाई क्षेत्र में दबिश देकर सवारी को लूटने वाले टेम्पो चालक व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर उनके घरों से लूट के 15 हजार 600 रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं।
थानाधिकारी नरपत सिंह ने बताया कि अंबामाता क्षेत्र के अमरनगर निवासी टेम्पो चालक काना पुत्र मथुरालाल मोगिया और पूर्बिया कॉलोनी निवासी उसके साथी संजू पुत्र भैरू कालबेलिया को गिरफ्तार कर टेम्पो जब्त कर लिया गया है। न्यायालय में पेश करने पर उन्हें जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई एएसआई मो. सलीम के नेतृत्व में कांस्टेबल शरीफ खान, मनोज शर्मा और जीवत राम की टीम ने की है। गौरतलब है कि २० जनवरी को ईंटाली ((वल्लभनगर)) का एक ग्रामीण किसी बैंक में रुपए जमा करवाने आया था। वह सूरजपोल से टेम्पो में बैठकर मधुबन स्थित बैंक के पास उतरा था। इसी बीच टेम्पो चालक रुपए छीनकर फरार हो गया था।
दोनों ने बांट लिए थे लूट के रुपए
प्रार्थी की रिपोर्ट आने पर टेम्पो नंबर और आरोपियों के हुलिए के आधार पर तफ्तीश शुरू की गई। आरोपियों की पहचान कर उनके क्षेत्र में दबिश दी गई। तब दोनों मल्लातलाई क्षेत्र में घूमते मिले। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूट के बाद उन्होंने राशि को आधा-आधा बांट लिया और अपने घर में छिपा दिया। पुलिस ने घर की तलाशी लेकर रुपए बरामद किए।