- Hindi News
- पासपोर्ट ऑफिस के लिए विदेश सचिव को लिखे पोस्टकार्ड
पासपोर्ट ऑफिस के लिए विदेश सचिव को लिखे पोस्टकार्ड
उदयपुर - पासपोर्ट कार्यालय शुरू करने की मांग और तेज हो गई है। अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास को ज्ञापन सौंपा। पासपोर्ट ऑफिस संघर्ष समिति ने कोर्ट परिसर में विदेश सचिव और मुख्यमंत्री के नाम पोस्टकार्ड अभियान शुरू किया। साथ ही संभाग स्तरीय आंदोलन की रणनीति तैयार की है। पासपोर्ट कार्यालय की स्थापना की मांग को लेकर सेवाश्रम चौराहा पर अमित श्रीवास्तव का अनशन लगातार 48 घंटे से जारी है। पासपोर्ट ऑफिस के समर्थक खुद अनशन स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं। पासपोर्ट ऑफिस संघर्ष समिति के संयोजक दीपक शर्मा, आप पार्टी के भरत कुमावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता अनशन स्थल पहुंचे। श्री राम बजरंग ((सेना)) दल संभाग ट्रस्ट ने इस मुद्दे को लेकर बैठक की। इसमें पासपोर्ट ऑफिस को लेकर आंदोलन उग्र करने का निर्णय लिया गया। डॉ. अंबेडकर स्टूडेंट्स फ्रंट ऑफ इंडिया के महासचिव खूबीलाल मेघवाल और कला महाविद्यालय के नदीम खान ने भी अनशन पर जाने की चेतावनी दी है।
पुलिस पहुंची हटाने, प्रशासन से नहीं मिली अनुमति: अमित श्रीवास्तव को बिना अनुमति अनशन पर बैठने से हटाने भूपालपुरा सीआई सेवाश्रम पहुंचे। इस पर कार्यकर्ता अतिरिक्त जिला कलेक्टर नारायणसिंह के पास अनुमति के लिए मिले। वहां से उन्हें अगले दो तीन घंटे में अनशन स्थल का चयन कर बताने को कहा गया। बताया गया कि देर रात तक कोई स्थान नहीं बताया गया।