पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पानी की बर्बादी, सड़क की बदहाली

पानी की बर्बादी, सड़क की बदहाली

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - कानोड़
कानोड़-उदयपुर मुख्य सड़क पर गड्ढों और ऊबड़-खाबड़ सड़क से राहगीर परेशान हैं। दूसरी ओर संबंधित विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं। हां, जब भी कोई वीआईपी आता है तो सप्ताहभर के लिए जरूर सड़कों की दशा सुधर जाती है।
जानकारी के अनुसार भींडर पुलिस स्टेशन के सामने जलदाय विभाग की लाइन में लीकेज से हर दिन कई लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। वहीं पानी के लगातार बहाव से सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। थाने के आगे से लेकर केंद्रीय बस स्टैंड तक सड़क की ऐसी स्थिति बनी हुई है कि चारपहिया वाहनों तो दूर दुपहिया वाहनों को भी निकालना मुश्किल रहता है।
सड़क निर्माण के दौरान पूर्ण गुणवता युक्त सामग्री का उपयोग नहीं होने से सड़क की दशा पहले से भी बदतर हो गई है। उस पर पानी का बहाव सड़क पर गहरे गड्ढे बना रहा है। इन गड्ढों में पानी भरा रहने से गड्ढों की गहराई का अंदाज नहीं रहता और छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं।
वीआईपी का आना ही दिलाता है राहत : क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस मार्ग से कभी किसी वीआईपी के आने का होता है तो विभाग आनन-फानन में सड़क ठीक करवा देता है, जो सप्ताह भर से ज्यादा ठीक नहीं रहती।
पिछले दिनो भींडर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का कार्यक्रम था। तब पेचवर्क का काम करवाया गया, जो चार दिन बाद ही उखड़ गया। भींडर के व्यवसायी रमेश अहीर का कहना है कि सड़क पर गड्ढों से आए दिन दुपहिया वाहन चालक गिर कर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती।
॥नाली साफ नहीं होने से पानी सड़क पर आ रहा है, जिससे समस्या आ रही है। प्रपोजल बनाकर अधिकारियों को भिजवा दिया है। चार-पांच दिन में सड़क ठीक करवा दी जाएगी।
अंचल गुप्ता, एईएन, सार्वजनिक निर्माण विभाग, भींडर