चादर चढ़ा सरकार ने मांगी खुशहाली
उदयपुर - प्रदेश की उन्नति और विकास की कामना लेकर राज्य सरकार की ओर से प्रदेश के धर्म स्थलों पर होने वाली विशेष आराधना का दौर शुरू हो गया। इसी को लेकर शहर में मस्तान बाबा दरगाह पर चादरपोशी की गई। प्रदेश में साठ दिन की विशेष कार्य योजना के तहत प्रदेश के 108 मंदिर, मस्जिद, गिरजाघर और गुरुद्वारा में विशेष आराधना कराई जानी है।
उदयपुर सहायक आयुक्त डॉ. प्रियंका भट्ट ने बताया कि मस्तान बाबा की दरगाह में चादर पेश करके इत्र, लोबान, फूल आदि पेश किए गए। तबर्रुक बांटने के साथ ही अमन-चैन की दुआएं मांगी गई।इस मौके पर दरगाह के नायब सदर मजीद खां, दरगाह कमेटी के नजमुद्दीन के अलावा विभाग की ओर से विनोद श्रीमाली, निरीक्षक वृद्धि शंकर दशोरा, मोहम्मद युनूस शेख आदि मौजूद थे। धर्म स्थलों पर होने वाले कार्यक्रमों का दौर फरवरी अंत तक जारी रहेगा।
विशेष आराधना - प्रदेश के 108 धर्म स्थलों पर आयोजन