- Hindi News
- एनओसी मिली तो गोवर्धन सागर में भी होगी बोटिंग
एनओसी मिली तो गोवर्धन सागर में भी होगी बोटिंग
नगर संवाददाता - उदयपुर
फतहसागर, पीछोला और दूधतलाई के बाद अब गोवर्धन सागर में बोटिंग शुरू करने की तैयारी है। ठेकेदार के मार्फत यह काम नगर निगम करवाएगा। इससे पहले जल संसाधन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र ((एनओसी)) लिया जाएगा। गैराज समिति अध्यक्ष धनपाल स्वामी ने बताया कि एनओसी लेने की पहल कर दी गई है। एनओसी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। गैराज शाखा टेंडर शर्तें तैयार कर रही है। यहां पर पहले नगर परिषद ((अभी निगम)) ने नाव संचालन किया था, मगर ठेकेदार ने ज्यादा समय दिलचस्पी नहीं दिखाई। कारण तब यहां वीरान रहता था, मगर अब निगम ने विकास कार्य करवाए हैं। इससे लोगों की चहल पहल भी बढ़ी है।
नाव में बैठकर जहाज तक पहुंच सकेंगे
साल भर भरे रहने वाले गोवर्धन सागर में नावें चलने से आमजन व सैलानी नाव में सवार होकर झील मध्य विकसित हो रहे जहाजनुमा टापू तक भी आ-जा सकेंगे। निगम यहां जहाजनुमा तीन मंजिला टापू विकसित करवा रहा है। करीब 36 फीट ऊंचाई वाले इस टापू का काम अंतिम चरण में है। जहाज में पन्नाधाय के बलिदान से जुड़ी झलक भी दिखेगी। इसका काम भी प्रगति पर है।
गोल्फ कार के चलाने की तैयारी भी तेज
निगम ने फतहसागर किनारे व गुलाबबाग में गोल्फ कार चलाने की तैयारियां भी तेज कर दी है। फतहसागर किनारे गोल्फ कार संचालन के लिए केबिन की जगह चिह्नित कर ली गई है। निगम इस प्रयास में भी है कि फतहसागर पाल पर फाटक गोल्फ कार के दौरान खोली जा सके। जबकि गुलाबबाग में बीच बीच में लगे बैरिकेट हटवाने का प्रयास किया जा रहा है।